डकैती के विरोध पर हथियारबंद बदमाशों ने सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक के ससुर रहीसुद्दीन और दो सालों की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी, जबकि उनकी सास गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना रविवार रात देर लोनी के टोली मोहल्ला में हुई। रहीसुद्दीन क्षेत्र के नामी कपड़ा कारोबारी थे। बदमाश घर में रखे 25 लाख रुपये, एक किलो सोना व दो किलो चांदी लूटकर ले गए। हमारे परिवार की तो आज तक किसी से कहासुनी तक नहीं हुई। थाने-चौकियों की शक्ल तक नहीं देखी। लेकिन हमारे परिवार को यह दिन देखना पड़ेगा, यह कभी नहीं सोचा था।
बदमाशों को माल ले जाना था तो सब कुछ ले जाते, मगर जान तो बख्श देते। पिता व भाईयों की हत्या के बाद अलीमुद्दीन यह बात कहकर फूट-फूटकर रो पड़ा। उसने कहा कि वह कारोबारी हैं। माल लुटने के बाद पुलिस में शिकायत तक नहीं करते। लोनी के टोली मोहल्ला में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या की घटना ने हर किसी का कलेजा बैठा दिया। परिवार पर आई आफत पर हर किसी को अफसोस था। घटना के बाद कारोबारी के परिवार व रिश्तेदारों में चीत्कार मच गई तो घटनास्थल पर जुटे सैकड़ों लोग भी गमगीन थे।