संपत्ति के लिए परिवार के पांच लोगों की हत्या करने वाले बसंतपुर सैंतली निवासी लीलू त्यागी और उसके दो साथियों को मुरादनगर पुलिस ने शुक्रवार को जेल भेज दिया। पुलिस अब वारदात में शामिल सुपारी किलर विक्रांत व उसके भांजे मुकेश को कस्टडी रिमांड पर लेकर क्राइम सीन दोहराएगी। इसमें पुलिस घटना की कड़ी से कड़ी जोड़कर आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाने की कोशिश करेगी।
बसंतपुर सैंतली निवासी ब्रिजेश त्यागी का 24 वर्षीय बेटा रेशू आठ अगस्त को लापता हो गया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने उसकी हत्या का खुलासा कर चाचा लीलू त्यागी, हापुड़ के नंगौला निवासी रिटायर्ड दरोगा सुरेंद्र त्यागी और संभल निवासी उसके नौकर राहुल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में लीलू ने खुलासा करते हुए 20 साल में पांच परिजनों की हत्या कबूली थी। उसने बताया कि 20 साल पहले उसने अपने बड़े भाई सुधीर त्यागी, 15 साल पहले सुधीर त्यागी की छोटी बेटी पायल (8), 12 साल पहले सुधीर त्यागी की बड़ी बेटी पारुल (16) और आठ साल पहले दूसरे भाई ब्रिजेश के छोटे बेटे नीशू (16) और आठ अगस्त को दूसरे भतीजे रेशू की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से रेशू की हत्या में प्रयुक्त रस्सी बरामद की थी। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि पुलिस की घेराबंदी होती देख रेशू की सुपारी लेने वाले विक्रांत निवासी सैंगली बुलंदशहर और उसका भांजा मुकेश निवासी अरनिया बुलंदशहर पुराने मामलों में जेल चले गए थे। बुलंदशहर कोर्ट में बी-वारंट दाखिल कर दोनों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा।