मकान पर कब्जे और रिश्तेदार को फंसाने के लिए हापुड़ के मोहल्ला कोटला मेवतियान में पोते ने अपने बुजुर्ग दादा-दादी की देर रात चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हालांकि आरोपी ने इसे लूट दर्शाने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने के बाद आरोपी ने गुनाह कुबूल कर लिया। इससे पहले पुलिस ने फोरेंसिक व डॉग स्क्वाड टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर चाकू और नाक की लौंग बरामद कर ली है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोटला मेवतियान में एक मिनार मस्जिद के पास फैजुल हसन (90) अपनी पत्नी फैय्याजी (85) के साथ 25 गज के छोटे से मकान में रहते थे। दंपती के पांच बेटे हैं। पांचों पुत्र अपने अपने परिवारों के साथ अलग रहते हैं। फैजुल हसन घर में ही परचून की दुकान चलाते थे। गुरुवार सुबह फैजुल के पोते जुबैर पुत्र इस्तेकार ने पड़ोसियों को सूचना दी कि उनके दादा-दादी की किसी ने हत्या कर दी है और उनके खून से लथपथ शव घर में पड़े हैं। बुजुर्ग का शव दुकान में पटरे पर पड़ा मिला था। लोगों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी।