उत्तराखंड के पौड़ी जिले में पिछले दिनों हुए गुलदार के हमले के बाद महिलाओं ने मोर्चा खाेल दिया। बुधवार को यहां महिलाओं ने पौड़ी हाईवे पर जाम लगा दिया। बता दें कि विगत 23 सितंबर को यहां गुलदार ने एक महिला पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। जिससे गुस्साई महिलाओं ने बुधवार को हाईवे पर जाम लगा दिया। जाम से यहां हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हंगामा बढ़ता देख वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने एक घंटे में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद महिलाओं ने जाम खोल दिया। जानकारी के मुताबिक 23 सितंबर को श्रीनगर में गंगा दर्शन बैंड के पास गुलदार ने एक महिला पर हमलाकर उसे घायल कर दिया था। उस दिन उफल्डा निवासी भारत बिष्ट की पत्नी सुधा देवी अन्य महिलाओं के साथ सुबह गंगा दर्शन बैंड क्षेत्र में घास काटने गई थी।