उत्तराखंड की नई विधानसभा के गठन के लिए हुए चुनाव के नतीजे 23 दिन बाद आज आज आने शुरू हो गए है। इसके साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि इस बार सत्ता की बागडोर किस दल के हाथों में आएगी। इसके लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। वहीं मतगणना स्थल पर कर्मचारियों व नेताओं की खूब भीड़ जुटी हुई है। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
निर्वाचन कार्यालय ने सभी 70 विधानसभा सीटों की मतगणना के लिए 70 प्रेक्षक तैनात किए हैं। वहीं, सीआईएसएफ, पीएसी, पुलिस पूरी मतगणना के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी। हर विधानसभा में एक प्रेक्षक की तैनाती की गई है। कुल सात हजार 681 कर्मचारियों को मतगणना ड्यूटी में लगाया गया है, जिसमें 1296 माइक्रो ऑब्जर्वर भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Election Result Live: उत्तराखंड में खुला आप का खाता, भाजपा 30 और कांग्रेस 28 पर आगे
भाजपा और कांग्रेस की हार या जीत का परिणाम जानने की उत्सुकता के साथ ही प्रदेश के लोगों की निगाहें उन सीटों पर भी लगी हैं, जो दिग्गजों की वजह से हॉट मानी जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, आम आदमी पार्टी के कर्नल अजय कोठियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह के अलावा प्रदेश सरकार के मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। मतगणना के शुरुआती रुझानों में अभी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आगे चल रहे हैं।