उत्तराखंड में आज तीरथ सिंह रावत सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। राजभवन में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने तीरथ कैबिनेट के 11 मंत्रियों को शपथ दिलाई। पहले कैबिनेट में शामिल शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद सात पुराने और चार नए कैबिनेट मंत्रियों ने शपथ ली। बता दें कि बीते मंगलवार को त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस्तीफा देने के बाद बुधवार को गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत को उत्तराखंड का नया सीएम बनाया गया था। जिसके बाद आज तीरथ सरकार के मंत्रिमंडल का गठन किया गया।
नए मंत्रिमंडल में पुराने सभी चेहरों को वापस लाकर भाजपा ने पिछले कुछ दिनों के सियासी घमासान में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की भूमिका पर और बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। एक तरह से भाजपा ने त्रिवेंद्र सिंह रावत के मंत्रिमंडल का ही विस्तार किया है। यहां तक की त्रिवेंद्र सरकार के राज्यमंत्रियों का भी कद नहीं बढ़ाया गया।
वहीं, अब सरकार को पोर्टफोलियो बांटना भी आसान नहीं होगा। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के पास लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, ऊर्जा सहित करीब 40 विभाग थे।
अभी यह साफ नहीं है कि तीरथ सिंह रावत अपने पास कितने विभाग रखते हैं, लेकिन लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा, पर्यटन, पंचायत, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, सहकारिता जैसे विभागों के लिए लॉबिंग होती रही है। ऐसे में पोर्टफोलियो बांटना भी तीरथ के लिए आसान नहीं होगा।