केदारनाथ और गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा 2024 का शुभारंभ हो गया है। तीनों धामों के कपाट खुलने के पावन क्षण के हजारों श्रद्धालु साक्षी बने। इस दौरान जयकारों से धाम गूंज उठे।
हर हर गंगे, जय मां गंगे के उद्घोष और शंखनाद के साथ गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। आज सुबह जैसे ही मां गंगा की डोली गंगोत्री धाम पहुंची तो पूरा धाम भक्ति में रंग गया। तीर्थपुरोहितों ने धाम के कपाट उद्घाटन के लिए 11 बजे से पूजा पाठ की प्रक्रिया शुरू की। ठीक 12:25 बजे अभिजीत मुहूर्त और अमृतबेला में गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में धाम पहुंचे श्रद्धालु कपाट उद्घाटन के पावन पल के साक्षी बने।
गंगोत्री धाम के कपाट उद्घाटन के लिए बीते गुरुवार को मां गंगा के शीतकालीन पड़ाव मुखबा मुखीमठ से मां गंगा की चल विग्रह डोली धाम के लिए रवाना हो गई थी। जिसने भैरोंघाटी के देवीमंदिर में रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार सुबह मां की उत्सव डोली श्रद्धालुओं के साथ धाम के लिए निकली। जो ठीक पौने दस बजे गंगोत्री धाम पहुंची।