केदारनाथ के बाद अब बदरीनाथ धाम में भी उत्तराखंड देवस्थानम बोर्ड का विरोध शुरू हो गया है। शुक्रवार को तीर्थ पुरोहितों और हक-हकूकधारियों ने बदरीनाथ धाम में रैली निकालकर बोर्ड का पुतला फूंका।
तीर्थ पुरोहितों ने कहा कि यदि सरकार जल्द बोर्ड को भंग नहीं करती है तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में होने वाली पूजा के लाइव प्रसारण की योजना का भी विरोध किया।
शुक्रवार सुबह बदरीनाथ के तीर्थ पुरोहित और हक-हकूकघारी विजय लक्ष्मी चौक पर इकट्ठा हुए। यहां से वे जुलूस की शक्ल में बदरीनाथ धाम परिसर में पहुंचे। स्थानीय हक हकूकधारी, ब्रह्म कपाल तीर्थ पुरोहित संघ, डिमरी पंचायत, मेहता थोक, भंडारी थोक, मालाकोटि, माणा थोक के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने आस्था पथ से मंदिर परिसर तक बोर्ड के विरोध में रैली निकाली।
रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। ब्रह्मकपाल तीर्थ पुरोहित संघ के अध्यक्ष उमानंद सती का कहना है कि बोर्ड के गठन के बाद से ही इसका विरोध हो रहा है, लेकिन सरकार कोई निर्णय नहीं ले रही है।
बोर्ड हक-हकूकधारियों को उनके अधिकारों से वंचित रखना चाहता है। बदरीनाथ धाम से पूजा के लाइव प्रसारण का भी विरोध किया जाएगा। रैली निकालने के बाद देवस्थानम बोर्ड का पुतला फूंका गया।