आईपीएल में पहली बार कैच आउट होने वाले खिलाड़ी सौरव गांगुली थे। 2008 सीजन का पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया था। वहीं, रॉबिन उथप्पा स्टंप आउट होने वाले पहले खिलाड़ी रहे। जानें पूरा मामला...
आईपीएल 2022 में रविचंद्रन अश्विन ने एक नए नियम को अमल कर सभी फैन्स और क्रिकेट एक्सपर्ट को चौंका दिया। वह आईपीएल इतिहास में रिटायर्ड आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बने। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने क्रिकेट के किसी नियम को रूल बुक से मैदान पर उतारा है। इससे पहले 2019 में अश्विन ने जोस बटलर को मांकडिंग के जरिए पवेलियन भेजा था।
यह तब काफी विवादों में भी रहा था। अश्विन के उस फैसले को लेकर क्रिकेट जगत बंट गया था। कई खिलाड़ी अश्विन के पक्ष में थे और कई खिलाड़ी खेल भावना के तहत अश्विन का विरोध कर रहे थे। हालांकि, रिटायर्ड आउट वाले फैसले ने सबको चौंका कर रख दिया।
इयान बिशप समेत कई पूर्व क्रिकेटर्स ने तो यहां तक कह दिया कि टी-20 क्रिकेट हमें यह सोचने पर मजबूर कर रहा है कि टिम हित को सोचते हुए नए-नए नियमों का किस प्रकार फायदा उठाया जा सकता है। आज हम आपको क्रिकेट में आउट होने के तरीके और पहली बार उस तरीके से आउट होने वाले खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं....
विज्ञापन
1. कैच आउट: सौरव गांगुली
2 of 9
सौरव गांगुली
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल में पहली बार कैच आउट होने वाले खिलाड़ी सौरव गांगुली थे। 2008 सीजन का पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया था। इस मैच में कोलकाता की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी। कप्तान गांगुली और ब्रैंडन मैकुलम ओपनिंग के लिए उतरे।
61 पर कोलकाता को पहला झटका लगा था और गांगुली जहीर खान की गेंद पर जैक कैलिस के हाथों कैच आउट हुए थे। गांगुली ने आईपीएल में दो टीमों के लिए खेला। उन्होंने कोलकाता के अलावा पुणे वॉरियर्स का भी प्रतिनिधित्व किया। आईपीएल में गांगुली के नाम 59 मैचों में 25.45 की औसत और 106.81 के स्ट्राइक रेट से 1349 रन हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 91 रन का रहा। इसके अलावा गांगुली ने 10 विकेट भी लिए।
विज्ञापन
2. बोल्ड आउट: राहुल द्रविड़
3 of 9
राहुल द्रविड़
- फोटो : IPL/BCCI
2008 आईपीएल यानी आईपीएल के पहली सीजन में ही कोलकाता और बैंगलोर के बीच पहला मैच खेला गया। कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 222 रन बनाए। कोलकाता के जो तीन खिलाड़ी आउट हुए, वह तीनों कैच आउट हुए थे। जब बैंगलोर की पारी शुरू हुई तो कोलकाता के ईशांत शर्मा ने बैंगलोर के ओपनर राहुल द्रविड़ को पारी के दूसरे ही ओवर में क्लीन बोल्ड किया था।
इस तरह द्रविड़ आईपीएल में बोल्ड होने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। कोलकाता के 222 रन के जवाब में इस मैच में बैंगलोर की पूरी टीम 82 रन पर सिमट गई थी और उन्हें 140 रन से हार का सामना करना पड़ा था। द्रविड़ ने आईपीएल में 89 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 28.23 की औसत और 115.52 के स्ट्राइक रेट से 2174 रन बनाए। उनका हाईएस्ट स्कोर 75 रन का रहा। द्रविड़ ने बैंगलोर के अलावा राजस्थान रॉयल्स का भी प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने आखिरी बार 2013 आईपीएल में खेला था।
3. रन आउट: एश्ले नोफ्के
4 of 9
एश्ले नोफ्के
- फोटो : IPL/BCCI
कोलकाता और बैंगलोर के बीच हुए आईपीएल के पहले मैच में एश्ले नोफ्के रन आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर नोफ्के बैंगलोर की तरफ से बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने 10 गेंदों पर नौ रन की पारी खेली। उन्हें अजीत अगरकर के थ्रो पर ऋद्धिमान साहा ने रन आउट किया। इस तरह वह रन आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बने।
नोफ्के ने आईपीएल में सिर्फ एक यही मैच खेला। इसके बाद उन्हें कोई सीजन में कोई भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। बैंगलोर की तरफ से खेलते हुए उन्होंने कुल नौ रन बनाए और एक विकेट भी झटका। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के लिए भी नोफ्के ने एक वनडे और दो टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला। वनडे और टी-20 में उनके नाम एक भी रन नहीं है।
वहीं, ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में उन्होंने एक और टी-20 में चार विकेट झटके। नोफ्के ने ऑस्ट्रेलिया के लिए पहला और आखिरी वनडे 2008 में भारत के खिलाफ खेला था। वहीं, उनका टी-20 डेब्यू न्यूजीलैंड के खिलाफ हुआ था। आखिरी टी-20 अंतरराष्ट्रीय नोफ्के ने भारत के खिलाफ ही 2008 में खेला था।
विज्ञापन
4. एल्बीडब्ल्यू: एमएस धोनी
5 of 9
एमएस धोनी
- फोटो : IPL/BCCI
2008 आईपीएल में ही कोलकाता और बैंगलोर के बीच पहले मैच के बाद दूसरा मैच चेन्नई सुपर किंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया था। कोलकाता और बैंगलोर के बीच मैच में कोई भी खिलाड़ी एल्बीडब्ल्यू आउट नहीं हुआ था। इसके बाद दूसरे मैच में जब चेन्नई की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी, तो उन्हें पहला दो झटका पार्थिव पटेल और मैथ्यू हेडन के रूप में लगा।
पार्थिव कैच आउट और हेडन बोल्ड हुए। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी के लिए उतरे। हालांकि, तीन गेंदों पर दो रन बनाकर वह भी आउट हो गए। उन्हें पंजाब के जेम्स होप्स ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। इस तरह वह आईपीएल में एल्बीडब्ल्यू आउट होने वाले पहले खिलाड़ी बने। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 240 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 207 रन बना सकी थी और चेन्नई ने यह मैच 33 रन से जीता था।
धोनी आईपीएल के पहले सीजन से अब तक लीग खेलते आ रहे हैं और 224 मैचों में उन्होंने अब तक 39.66 की औसत और 135.44 के स्ट्राइक रेट से 4838 रन बनाए हैं। इसमें 24 अर्धशतक शामिल है। धोनी का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84 रन का रहा है। धोनी चेन्नई के अलावा राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के लिए भी मैच खेल चुके हैं। हालांकि, वह पुणे के लिए तब खेले थे, जब चेन्नई को 2016 और 2017 में बैन किया गया था।
विज्ञापन
5. स्टंप्ड आउट: रॉबिन उथप्पा
6 of 9
रॉबिन उथप्पा
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 में रॉबिन उथप्पा मुंबई इंडियंस के लिए खेले थे। मुंबई ने पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेला था। आईपीएल 2008 के इस पहले मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 20 ओवर में छह विकेट पर 165 का स्कोर खड़ा किया था। रॉबिन उथप्पा मुंबई की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
उन्होंने 38 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 48 रन की पारी खेली थी। उन्हें बालाचंद्र अखिल ने मार्क बाउचर के हाथों स्टंप आउट कराया था। इस तरह उथप्पा स्टंप होने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। बैंगलोर ने यह मैच पांच विकेट से जीत लिया था।
उथप्पा भी पहले सीजन से लेकर अब तक आईपीएल खेल रहे हैं और वह 197 मैचों में 27.91 की औसत और 130.59 के स्ट्राइक रेट से 4828 रन बनाए हैं। उथप्पा अपने आईपीएल करियर में मुंबई इंडियंस के अलावा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पुणे वॉरियर्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स से खेल चुके हैं।
विज्ञापन
6. हिट विकेट: मुसाविर खोटे
7 of 9
मुसाविर खोटे (बीच में)
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल में पहली बार कोई खिलाड़ी साल 2008 यानी पहले सीजन में हिट विकेट हुआ था। आउट होने वाले खिलाड़ी मुंबई इंडियंस के मुसाविर खोटे थे। वह किंग्स इलेवन पंजाब के गेंदबाज एस श्रीसंत की गेंद पर हिट विकेट हुए थे। यह मुंबई का इस सीजन में तीसरा और ओवरऑल सीजन का 10वा मैच था।
पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 182 का स्कोर बनाया। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 116 रन ही बना सकी और पंजाब ने यह मैच 66 रन से जीत लिया। मैच के 18वें ओवर की दूसरी गेंद पर खोटे श्रीसंत की गेंद पर हिट विकेट हो गए।
ऑलराउंडर खोटे ने आईपीएल में सिर्फ चार मैच खेले हैं और यह सभी मैच उन्होंने मुंबई के लिए ही खेले। इन चार मैचों में खोटे ने 12 की औसत से 24 रन बनाए और दो विकेट झटके। खोटे ने अपना आखिरी आईपीएल मैच 2008 में डीवाई पाटिल स्टेडियम में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ खेला था।
7. ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड: यूसुफ पठान
8 of 9
यूसुफ पठान
- फोटो : IPL/BCCI
आईपीएल 2013 का 65वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और पुणे वॉरियर्स के बीच खेला गया। इस मैच में फील्डिंग में बाधा डालने यानी ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड की वजह से आईपीएल में पहली बार कोई बल्लेबाज पवेलियन लौटा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पुणे ने 20 ओवर में चार विकेट पर 170 का स्कोर खड़ा किया था।
जवाब में कोलकाता को एक वक्त 14 गेंदों पर 23 रन की जरूरत थी। उस वक्त यूसुफ पठान 72 रन और देबब्रत दास मैदान में थे। वायने पार्नेल के 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर यूसुफ ने डिफेंड किया। वह गेंद 22 यार्ड के अंदर ही रह गई।
पार्नेल रन आउट के लिए उस गेंद को उठाने के लिए गए तो यूसुफ ने जानबूझकर पैर से उस गेंद को दूर भेज दिया, ताकि पार्नेल रन आउट न कर सकें। इस पर पुणे की टीम ने आपत्ति जताई। बाद में थर्ड अंपायर ने एक्शन लेते हुए ऑन फील्ड अंपायर को यूसुफ पठान को आउट देने को कहा। इस तरह ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड के कारण यूसुफ पवेलियन लौटने वाले पहले खिलाड़ी बने।
आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच में अश्विन रिटायर्ड आउट हुए। 67 रन पर राजस्थान ने चार विकेट गंवा दिए थे। तब जोस बटलर, संजू सैमसन, देवदत्त पडिक्कल और रसी वान डर डुसेन पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद राजस्थान के टीम मैनेजमेंट ने रविचंद्रन अश्विन को रियान पराग से ऊपर भेजा। राजस्थान का यह फैसला सही साबित हुआ। अश्विन ने शिमरोन हेटमायर के साथ मिलकर बेहतरीन बल्लेबाजी की और विकेट गिरने से रोका।
बाद में अश्विन को लगा कि रियान पराग का आना बाकी है और वह उनसे ज्यादा बेहतर शॉट लगा सकते हैं, तो उन्होंने रिटायर्ड आउट होने का फैसला लिया। अश्विन ने हेटमायर के साथ 68 रन की साझेदारी निभाई। जिस वक्त अश्विन अंपायर और लखनऊ के कप्तान केएल राहुल को बिना बताए पवेलियन लौटे, तब राजस्थान का स्कोर 135 रन था। अश्विन 23 गेंदों पर 28 रन बनाकर रिटायर्ड आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दो छक्के लगाए।