एंड्रयू साइमंड्स
- फोटो : सोशल मीडिया
यह पारी साइमंड्स के करियर की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक है। 2003 वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था। टूर्नामेंट के चौथे मैच में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 16वें ओवर तक 86 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। फिर एंड्रयू साइमंड्स बल्लेबाजी के लिए आए।
उस वक्त प्लेइंग-11 में साइमंड्स की जगह काफी विवादों में थी, क्योंकि उन्होंने पिछली सात पारियों में सिर्फ 69 रन बनाए थे। ऐसे में आलोचक उन्हें टीम में नहीं देखना चाहते थे। इसके बावजूद कप्तान रिकी पोंटिंग ने उन्हें मौका दिया और साइमंड्स ने अपने कप्तान को निराश नहीं किया।
16वें ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे साइमंड्स ने पूरे 50 ओवर तक बल्लेबाजी की और 125 गेंदों पर 143 रन की ताबड़तोड़ नाबाद पारी खेली। इस पारी में 18 चौके और दो छक्के शामिल थे। उन्होंने वसीम अकरम, वकार यूनुस, शोएब अख्तर और शाहिद अफरीदी जैसे गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और पहले कप्तान पोंटिंग और फिर ब्रैड हॉग, इयान हार्वे जैसे खिलाड़ियों के साथ छोटी-छोटी साझेदारी कर ऑस्ट्रेलिया को 50 ओवर में आठ विकेट पर 310 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में पाकिस्तान की टीम 228 रन पर सिमट गई और ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 82 रन से जीता था।