फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गर्मी ने किया बेहाल: मेरठ में 26 साल में सबसे गर्म रहा जून का पहला सप्ताह, अन्य जिलों में भी बुरा हाल

Thu, 09 Jun 2022 11:59 AM IST
Dimple Sirohi अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

पश्चिमी यूपी में इस बार जून में इतनी गर्मी पड़ रही है कि दिन तो क्या रात में भी लोगों को चैन नहीं मिल रहा है। चिलचिलाती गर्मी और गर्म हवा का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। गर्मी के कारण पेट में संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सक गर्मी से बचाव की सलाह दे रहे हैं।
विज्ञापन
1 of 8
गर्मी, मौसम समाचार, Weather news - फोटो : amar ujala
मेरठ समेत वेस्ट यूपी में भीषण गर्मी जारी है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही और डॉ. एन सुभाष का कहना है कि पिछले 26 साल में जून माह का पहला सप्ताह इस बार सबसे अधिक गर्म रहा। आगामी 4 से 5 दिन तक गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।

इस बार जून में इतनी गर्मी पड़ रही है कि दिन तो क्या रात में भी लोगों को काफी परेशानी हो रही है। जून माह में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 6 डिग्री ऊपर चल रहा है। बुधवार को भी सुबह से ही आसमान से बरस रही आग ने शहरवासियों को झुलसा दिया। गुरुवार को भी सुबह से ही गर्मी ने तल्ख तेवर दिखाने शुरू कर दिए। लू के थपेड़ों का असर भी ज्यादा है। बागपत, मुजफ्फरनगर व सहारनपुर समेत सभी जिलों में गर्मी से हाल बेहाल हैं। दोपहर के समय कम ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। क्योंकि तेज धूप में थपेड़े लोगों को परेशान कर रहे हैं। अभी तापमान में कमी देखने को नहीं मिल रही है मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले कुछ दिन अभी ऐसे ही गर्म होंगे।
विज्ञापन

2 of 8
गर्मी, मौसम समाचार, Weather news - फोटो : amar ujala
गर्मी व लू से लोगों का बुरा हाल 
बागपत में गर्मी में लोगों का बुरा हाल है। गर्मी बढ़ने से लोगों को न दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात में आराम है। तेज धूप और लू के थपेड़ो के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लोग घरों से निकलने से कतरा रहे है। बुधवार को जिला का अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री रहा।

चिकित्सकों का कहना है कि गर्मी बढ़ने पर हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है और समय पर सही उपचार न मिलने पर जान तक जाने का खतरा बढ़ जाता है। सीएचसी अधीक्षक डॉ विभाष राजपूत ने गर्मी से बचाव के लिए धूप में बाहर न निकलने और पेय पदार्थों का अधिक सेवन करने की सलाह दी है। 
विज्ञापन

3 of 8
गर्मी, मौसम समाचार, Weather news - फोटो : amar ujala
नौ तपा से बढ़ा ताप, पारा 41 डिग्री पार
बिजनौर में बढ़ती गर्मी से लोग बेहाल हैं। घरों से बाहर निकलते ही तेज धूप और लू के थपेड़ों से लोग परेशान हैं। नौ तपा तो 25 मई से तीन जून तक था, लेकिन जिले में तापमान तीन जून के बाद बढ़ना शुरू हुआ। जो लोगों को खूब तपा रहा है। जिले में अब सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चार और पांच जून को 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

जून महीने में जिला खूब तप रहा है। लोग गर्मी से परेशान हैं। इस बार गर्मी अपने सख्त तेवर दिखा रही है। नौ तपा बीत जाने के बाद भी गर्मी का कहर जारी है। माना जाता है कि नौ तपा में तापमान सबसे ज्यादा रहता है, लेकिन इस बार नौ तपा बीत जाने के बाद भी जिला खूब तप रहा है। 25 मई से लेकर तीन जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहा है। इसके बाद तापमान बढ़ना शुरू हुआ है। गर्मी की वजह से लोगों का बुरा हाल है।

4 of 8
गर्मी, मौसम समाचार, Weather news - फोटो : amar ujala
तेज धूप ने सड़कें कर दीं सूनी दिन में मजबूरी में ही घर से बाहर निकल रहे लोग
मुजफ्फरनगर में भीषण गर्मी के चलते आकाश से आग बरस रही है। दोपहर में बाजार में सड़कें सूनी हो रही हैं। लोग मजबूरी में ही घर से बाहर निकल रहे हैं। अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। 
जिले में गर्मी इस समय अपने चरम पर चल है। इस समय रात में भी गर्मी पड़ रही है। न्यूनतम तापमान ही 25 डिग्री से अधिक चल रहा है। बुधवार को यह 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम तापमान अब 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। हालात ये हैं कि दिन में आकाश से आग बरसती महसूस हो रही है। दिन में घर से बाहर निकलने वाले लोगों को धूप झुलसा रही है। दिन में सड़क और बाजार सुनसान की स्थिति में आ गए हैं। लोग बाजार से खरीदारी करने के लिए 12 बजे से पहले और शाम को पांच बजे के बाद पहुंच रहे हैं। बाजारों में शीतल पेय की मांग बढ़ गई है।
विज्ञापन

5 of 8
गर्मी, मौसम समाचार, Weather news - फोटो : amar ujala
गर्मी ने उड़ाया दिन-रात का चैन, पारा 43 डिग्री सेल्सियस
सहारनपुर में गर्मी का सितम लगातार बढ़ रहा है। भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। उन्हें न दिन में चैन मिल रहा और न ही रात में आराम। न्यूनतम तापमान बढ़ने से रात में भी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। बुधवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसकी वजह से बुधवार का दिन इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। वहीं, लू के थपेड़े झुलसा रहे हैं। बाजारों में दोपहर में रौनक गायब हो गई है।  

जनपद में बीती 23 मई को बारिश हुई थी। जिससे बमुश्किल से एक दिन गर्मी से कुछ राहत मिली थी। इसके बाद से गर्मी लगातार बढ़ रही है। आलम यह है कि बाजारों में सुबह-शाम ग्राहक उमड़ रहे हैं। दोपहर में बाजारों में ग्राहकों का टोटा है। गर्मी से बचाव के लिए लोग सिर कपड़े से ढककर निकल रहे हैं। वहीं, शरीर में पानी की पूर्ति के लिए शीतल पेय पदार्थों तथा तरबूज, खरबूजे आदि का सेवन कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान के बढ़कर 29 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने और अधिकतम तापमान के घटकर 42 डिग्री पर आने का अनुमान है। 
विज्ञापन

6 of 8
गर्मी, मौसम समाचार, Weather news - फोटो : amar ujala
गर्मी से पेट में फैल रहा संक्रमण बरतें सावधानी
शामली जनपद में चिलचिलाती गर्मी और गर्म हवा का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। गर्मी के कारण पेट में संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। पेट दर्द, डायरिया और उल्टी के मरीज ज्यादा सरकारी व निजी अस्पतालों में ज्यादा आ रहे हैं। इसके साथ ही वायरल बुखार, नजला, जुकाम व खांसी के मरीज भी आ रहे हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही लोगों को बीमार कर सकती है। जिले में मई की तरह ही जून में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। दिन निकलते ही तेज धूप के कारण तापमान बढ़ रहा है। गर्म मौसम लोगों की सेहत पर प्रतिकूल असर डाल रहा है।
 
इस मौसम में पेट के मरीज सरकारी व निजी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। पेट दर्द, डायरिया के करीब 30 प्रतिशत मरीज रोजाना आ रहे हैं। इसलिए इस मौसम में लोगों से गर्मी से बचाव के साथ खानपान में सावधानी बरतने की जरूरत है। सीएचसी के चिकित्साधिकारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि तेज गर्मी पड़ने की वजह से पेट में दर्द और उल्टी दस्त के मरीज आ रहे हैं। इसके अलावा वायरल बुखार, नजला, जुकाम व खांसी के मरीज भी आ रहे हैं। सीएचसी के बाल रोग चिकित्सक डॉ. उपकार मलिक ने बताया कि बच्चों में ज्यादातर गर्मी की वजह से पेट में संक्रमण हो रहा है, जिसकी वजह से डायरिया और उल्टी व पेट दर्द होता है। इस तरह के मरीज ज्यादा हैं।
विज्ञापन

7 of 8
गर्मी, मौसम समाचार, Weather news - फोटो : amar ujala
शामली के चिकित्साधीक्षक डॉ. रामनिवास ने बताया कि 600 से 700 मरीज ओपीडी में आ रहे हैं। इनमें उल्टी दस्त, वायरल बुखार के ज्यादातर मरीज हैं। इस मौसम में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस मौसम में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। गर्मी से बचाव करें और कोई भी समस्या होने पर चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं। 

वायरल बुखार के लक्षण :
- सिर में और जोड़ों में दर्द होना।
- आंखों का लाल होना।
- ठंड और कंपकंपी लगना।
- सर्दी, जुकाम व नाक बहना।
- शरीर का तापमान बढ़ना, माथा गर्म होना
विज्ञापन

8 of 8
यूपी मौसम - फोटो : amar ujala
ऐसे करें गर्मी से बचाव :
- तेज धूप में जाने से बचें, सिर पर कैप या कपड़ा रखें।
- तरल पदार्थों का सेवन ज्यादा करें।
- बाजार में बने खाद्य पदार्थों का सेवन करने से बचें।
- कटे, फटे फलों का सेवन न करें।
- गन्ने का जूस पीने से बचें।
- शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले पौष्टिक आहार का सेवन करें। 
- पर्याप्त पानी पीएं, दिनभर में सात-आठ गिलास पानी जरूर पीएं।
- ज्यादा ठंडे पदार्थों का सेवन करने से बचें।
- चिकित्सक की सलाह से उपचार कराएं
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें