करीब 19 साल लंबी लड़ाई लड़कर जाने-माने पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को कबूतरबाजी मामले में सजा दिलाने वाले पटियाला के गांव बलवेड़ा निवासी बख्शीश सिंह पर इस पूरे संघर्ष के दौरान दबाव भी डाला और उन्हें धमकी भी मिली, मगर वह झुके नहीं। अमर उजाला के साथ खास बातचीत में बख्शीश सिंह ने भावुक होते कहा कि परिवार वाले अक्सर इन धमकियों व दबाव से घबराकर उन्हें पीछे हटने को समझाते थे लेकिन उन्होंने मन में ठान रखी थी कि जिन लोगों ने उन्हें इतना बड़ा धोखा दिया है, उन्हें अदालत से सजा दिलाकर ही दम लेंगे। बख्शीश सिंह ने कहा कि आज वह बहुत खुश हैं, वाहेगुरु ने उनकी सुन ली और उनकी मेहनत व वर्षों के संघर्ष का फल उन्हें दे दिया। बख्शीश सिंह ने कहा कि परिवार वाले भले ही डर जाते थे लेकिन उनके मन में कभी भी केस को लेकर पीछे हट जाने का विचार नहीं आया।