74वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पंचकूला में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गुरुग्राम में ध्वजारोहण किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री ने आजादी का महत्व बताया।
राज्यस्तरीय स्वतंत्रता समारोह सेक्टर- 7, 15, 20, सेक्टर -5 बस स्टैंड, यादविन्द्र गार्डन पिंजौर, बस स्टैण्ड रायपुररानी व बरवाला सहित 8 स्थानों पर लोगों को लाईव दिखाया गया । सभी अधिकारी और कर्मचारी सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क लगाकर आए हैं।
कोरोना महामारी फैलने के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा निर्देशानुसार हरियाणा सरकार ने विभिन्न जिलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन का कार्यक्रम जारी किया। राज्यस्तरीय ध्वजारोहण का कार्यक्रम हरियाणा राज भवन, चंडीगढ़ में हुआ। जहां राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस बार एट होम कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है।
हरियाणा में स्वतंत्रता दिवस समारोहों में इस बार न छात्रों की पीटी हुई और न ही कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम। कोविड-19 के चलते इस बार सादगी से समारोह मनाया गया। हालांकि पैर में फ्रैकचर होने के चलते उन्होंने ध्वजारोहण नहीं किया, लेकिन गृह मंत्री अनिल विज ने समारोह संबंधी आदेश जारी किए थे।
समारोहों में सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क लगाने, सैनिटाइजेशन के निमयों का भी सख्ती से पालन किया गया। कार्यक्रमों में मानवता की सेवा करते हुए कोरोना से लड़ने वाले वॉरियर्स जैसे डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी, सफाई कर्मचारी आदि को आमंत्रित किया गया।
इसके अलावा, कोरोना संक्रमण से ठीक हुए कुछ व्यक्तियों को भी बुलाया गया। वहीं कार्यक्रमों के तहत पौधारोपण, डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से इंटर-स्कूल और इंटर कॉलेज डिबेट प्रतियोगिता, ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, देशभक्ति पर निबंध और कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।