लड़ाकू विमान राफेल के आने से भले ही अंबाला को एक नई पहचान मिली है लेकिन इससे पहले भी अंबाला के कई चेहरे देशभर में अंबाला का नाम रोशन कर चुके हैं। चाहे फिर करोड़ों लोगों के दिलों की धड़कन रह चुकी अभिनेत्री जूही चावला हो या फिर पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज या बॉलीवुड में नाम चमकाने वाली परिणीति चोपड़ा। इसके अलावा ओमपुरी, मॉडल नवनीत कौर ढिल्लों, संजीव कपूर, चारू मेहरा, एंकर अनुपमा सिंह जैसे चर्चित नाम अंबाला की ही देन हैं। इन्होंने भी अंबाला का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक चमकाने का काम किया है। इतना ही नहीं अंबाला की साइंस मार्केट हो या फिर कपड़ा मार्केट, देश ही नहीं बल्कि विदेश में भी इसका डंका बजता है। यहां तक कि देश में पहली मिक्सी भी अंबाला में ही तैयार की गई थी।