जब खेत में फसल लहलहाती है तो उसके पीछे किसान के खून पसीने की मेहनत छुपी होती है। किसान खेत की जुताई करता है, बीज डालता है, जरूरत के अनुसार सिंचाई करता है तब जाकर खेत हरा भरा दिखाई देता है। सिंचाई उन्नत फसल उगाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कई ऐसी फसलें है जिन्हें पानी ज्यादा चाहिए होता है और कुछ कम पानी में भी अच्छी पैदावार देती हैं। आज भी भारत में किसानों के लिए सिंचाई एक ऐसा विषय है जिसपर काम किया जाना बाकी है क्योंकि कहीं खूब पानी है तो कहीं पानी की किल्लत है। अगर सिंचाई में किसान तकनीक का उपयोग करें तो पानी भी बचेगा और पैदावार भी अच्छी होगी जिससे आय भी बढ़ेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की शुरुआत की जिससे खेतों में पानी की कोई कमी न हो। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार अगर सिंचाई को स्प्रिंकलर विधि से किया जाए तो कम पानी में भी हम अच्छी फसल ले सकते हैं। इसके लिए सरकार भी स्प्रिंकलर के यंत्रो को खरीदने के लिए सब्सिडी दे रही है। आइए जानें कि योजना से किसान कैसे लाभ ले सकते हैं-