वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से बचाव के लिए पूरी दुनिया मास्क को बहुत जरूरी मान रही है। क्योंकि कोरोना का संक्रमण संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से ही फैल रहा है, ऐसे में मास्क ही सबसे कारगर बचाव का उपाय लगता है। अगर कोई व्यक्ति खांसता या छींकता है या फिर चिल्लाकर बोलता है, तो उसके मुंह और नाक से कई ड्रॉपलेट्स निकलकर हवा में फैल जाते हैं और इससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में मास्क काफी हद तक सुरक्षा प्रदान कराता है। घातक कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए भारत समेत कई देशों ने सार्वजनिक जगहों पर मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है। हमारे देश के कई राज्यों में मास्क नहीं लगाने पर जुर्माना भी भरना पड़ रहा है। लेकिन मास्क को लेकर अमेरिका में एक रेस्टोरेंट के मालिक ने अजीबोगरीब नियम बनाया है। रेस्टोरेंट में मास्क लगाकर आने वाले ग्राहकों को 5 डॉलर (लगभग 363 रुपये) का एक्सट्रा चार्ज चुकाना पड़ रहा है। इस नियम को लेकर रेस्टोरेंट मालिक का कहना है कि लॉकडाउन के कारण 'सामूहिक रूप से हुए नुकसान' की भरपाई के लिए ग्राहकों को यह भुगतान करना चाहिए।