अगर आप से ये सवाल पूछा जाए कि भारत का सबसे दक्षिणतम बिंदु कौन सा है? तो अधिकतर लोगों का उत्तर होगा कन्याकुमारी। हालांकि ये उत्तर गलत है। आपको बता दें कि भारत का सबसे दक्षिणतम बिंदु इंदिरा पॉइंट है। ये भारत के अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अंतर्गत आने वाले निकोबार जिला और ग्रेट निकोबार के आधीन आता है। प्रशासनिक स्तर पर अगर देखा जाए तो इंदिरा पॉइंट लक्ष्मी नगर पंचायत के अंतर्गत आता है। इंदिरा पॉइंट भारत का सबसे दक्षिणतम हिस्सा है। भारत की सामरिक, कूटनीतिक और सुरक्षा की दृष्टि से इस स्थान का काफी खास महत्व है। इस जगह पर जहाजों को रास्ता दिखाने के लिए एक लाइट हाउस भी है, जिसकी शुरुआत साल 1972 में की गई थी। ये भारत के रास्ते मलेशिया या मलक्का स्ट्रेट की तरफ जाने वाले जहाजों को रास्ता दिखाता है। इस बिंदु का नाम भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम पर पड़ा था।