क्या शराब किसी वायरस को समाप्त कर सकती है? यह सवाल कोरोना महामारी के शुरू होने के बाद से पूछा जाना शुरू हो गया था। किसी रिसर्च या स्टडी ने इस बात का समर्थन नहीं किया और न ही इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण है कि शराब पीने से कोरोना संक्रमण खत्म हो सकता है। लेकिन आज से करीब 100 साल पहले भी एक ऐसी ही महामारी फैली थी जब लोग व्हिस्की को दवा के तौर पर इस्तेमाल करने लगे थे।
साल 1918 में फैली वह महामारी थी, स्पेनिश फ्लू (Spanish Flu)। उस समय दुनिया में किसी को यह पता नहीं था कि आखिर स्पेनिश फ्लू की वजह क्या है। जब स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बारे में पता लगाना शुरू किया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
साल 1918 में इस वायरस के बारे में दुनिया के पास जानकारी सीमित थी, लेकिन डाॅक्टरों को बैक्टीरिया के बारे में पता था। फ्लू से मरने वाले लोगों के फेफड़ों में बैक्टीरिया का संक्रमण पाया गया था। लेकिन शोधकर्ताओं को तब झटका लगा कि यह पता चला कि यह दूसरा संक्रमण है और सीधा फ्लू इसकी वजह नहीं है। स्पेनिश फ्लू महामारी के दौरान डॉक्टरों ने फ्लू के लिए कुछ इलाज खोजे और और इस्तेमाल किए जिससे लोगों को फायदा भी हुआ।