शहडोल जिले के अंतिम छोर पर स्थित पपौध थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिखवा में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। हाई-वोल्टेज इसलिए कि शादी के अगले ही दिन एक युवक हाइटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। परिजन उतरने को कहते तो लाइन को छूकर जान देने की धमकी देने लगता। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे समझाइश दी और नीचे उतरवाया।
दरअसल, शहडोल जिले के पपोंध थाना क्षेत्र के तिखवा के मनोज पिता मनी सिंह गोंड, उम्र 22 वर्ष, की बरात पास के ही गांव में 22 मई को गई थी। 23 मई को दुल्हन को विदा कर घर लाया था। अगले दिन बुधवार को दोपहर में वह खाना खा रहा था। किसी बात को लेकर पिता से उसकी कहासुनी हो गई। इससे नाराज होकर वह घर के पास बने हाइटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया। पीछे से परिजन आवाज लगाते रहे, लेकिन मनोज इतना नाराज था कि उसने अपनी नईनवेली दुल्हन तक की नहीं सुनी। परिजनों ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। थाना प्रभारी पपौंध मोहन पड़वार, सहायक उपनिरीक्षक गुलाब सिंह और प्रधान आरक्षक रियाज खान घटनास्थल पहुंचे। थाना प्रभारी ने कहा कि कड़ी मशक्कत के बाद उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारा गया। पुलिस का कहना है कि पिता की बात से मनोज नाराज हो गया था। इसी वजह से हाइटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़ गया था। उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया है।