फरवरी में भारतीय बाजार में नए बीएस6 ईंधन उत्सर्जन मानकों वाले 2020 FZ 25 (एफजेड 25) और FZS 25 (एफजेडएस 25) को पेश करने के बाद, यामाहा ने आखिरकार लंबे इंतजार के बाद बाइक्स की कीमत का खुलासा कर दिया। अपडेटेड नेकेड लुक वाली रोडस्टर BS6 Yamaha FZ 25 की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 1.52 लाख रुपये है, जबकि BS6 Yamaha FZS 25 की दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 1.57 लाख रुपये है। कंपनी ने नई बाइक्स को कंपनी की वेबसाइट पर अप्रैल से ऑनलाइन लिस्ट किया गया है।
दोनों बाइक्स FZ 25 BS6 और FZS 25 BS6 की बुकिंग चालू है और इसे 10 हजार रुपये में बुक किया जा सकता है। इस साल की शुरुआत में भारत में इन बाइक्स की बिक्री शुरू की जानी थी, लेकिन महामारी की वजह से इसकी लॉन्चिंग की योजनाओं को टाल दिया गया था। यामाहा के मुताबिक भारत में दोनों बाइक उपलब्ध है। FZ 25 BS6 को दो कलर ऑप्शन -मैटालिक ब्लैक और रेसिंग ब्लू में लॉन्च किया गया है। जबकि FZS 25 BS6 तीन रंगों के विकल्प के साथ उपलब्ध है। इसमें पेटिना ग्रीन, वाइट-वर्मिलियन और डार्क मैट ब्लू रंग शामिल हैं।
इंजन
यामाहा की दोनों मोटरसाइकिल में BS6 249cc एयर-कूल्ड, SOHC, 4-स्ट्रोक, सिंगल-सिलिंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन फ्यूल-इंजेक्शन टेक्नॉलजी से लैस है। यह इंजन 8,000 rpm पर 20.8ps का पावर और 6,000 rpm पर 20.1 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। दोनों बाइक में ड्यूल-चैनल एबीएस दिया गया है। FZ 25 का कर्ब वेट 153 किलोग्राम और FZS 25 का 154 किलोग्राम है।
फीचर्स
यामाहा के इन बाइक्स में मिलने वाले फीचर्स में LED DRL, क्लास D बाइ-फंक्शनल LED हेडलैम्प, मल्टी-फंक्शन निगेटिव एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, अंडर काउलिंग और इंजन कट-ऑफ स्विच के साथ साइड स्टैंड शामिल हैं। FZS 25 में लॉन्ग वाइजर, हैंडल ग्रिप्स पर ब्रश गार्ड्स और गोल्डन अलॉय व्हील्स मिलते हैं।
250cc की सबसे सस्ती बाइक
यामाहा FZ 25 BS6 और FZS 25 BS6 देश में उपलब्ध सबसे सस्ती 250cc की बाइक्स हैं। भारतीय बाजार में इनका मुकाबला Suzuki Gixxer 250 (सुजुकी जिक्सर 250), Suzuki Gixxer FS250 (सुजुकी जिक्सर एफएस250) और Bajaj Dominar 250 (बजाज डॉमिनार 250) जैसी बाइक्स से है। कीमतों की तुलना करें तो बजाज डॉमिनार 250 की कीमत 1.60 लाख रुपये, सुजुकी जिक्सर 250 की कीमत 1.65 लाख रुपये और सुजुकी जिक्सर एसएफ250 की कीमत 1.76 लाख रुपये है।