Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) अपने तीन बेहद लोकप्रिय मॉडल- Alto (ऑल्टो), Celerio (सेलेरियो) और Vitara Brezza (विटारा ब्रेज्जा) को एक जेनरेशन बदलाव के साथ लाने के लिए तैयार है। ताजा मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से न्यू-जेनरेशन Maruti Suzuki Celerio (मारुति सुजुकी सेलेरियो) सड़कों पर उतरने वाली पहली कार होगी। कंपनी अपनी इस हैचबैक कार के ऑल-न्यू मॉडल को फरवरी के महीने में लॉन्च करने जा रही है। हालांकि, कार निर्माता ने इस कार के आधिकारिक लॉन्च की तारीख के बारे में एलान नहीं किया है। 2021 मारुति सेलेरियो एक ज्यादा पावरफुल इंजन के साथ आ रही है और इसके इंटीरियर और एक्सटीरियर लुक में भी बदलाव देखने को मिलेंगे। जानें नई कार में क्या नया मिलेगा।
नई कार में क्या होगा नया
सबसे बड़ा बदलाव इसके प्लेटफॉर्म में किया जा रहा है। 2021 मारुति सुजुकी सेलेरियो में पुराने प्लेटफॉर्म को हटा दिया गया है और अब कंपनी इसमें अपने नए हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म आर्किटेक्चर का इस्तेमाल कर रही है। कंपनी इस नए प्लेटफॉर्म को पहले से ही अपने कई नए मॉडल की कारों में इस्तेमाल कर रही है। नई 2021 मारुति सुजुकी सेलेरियो को 'YNC' कोडनेम दिया गया है। कार के इंटीरियर हैचबैक में 7.0 इंच का स्मार्टप्ले स्टूडियो इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा, जो एपल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो दोनों को सपोर्ट करता है। जबकि कार के मौजूदा मॉडल वाले इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को ही इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही कार के डैशबोर्ड, स्टीयरिंग व्हील और सेंटर कंसोल को भी अपडेट किया जा रहा है।
नए फीचर्स
नई 2021 मारुति सेलेरियो भी ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल और भी बहुत सारे फीचर्स के साथ आ सकती है। इस हैचबैक कार में डुअल फ्रंट एयरबैग प्रोटेक्शन और सीटबेल्ट रिमाइंडर स्टैंडर्ड दिया जाएगा। इसके अलावा एंटी ब्रेक ब्रेकिंग सिस्टम के साथ इलेक्ट्रॉनिक ब्रेक-फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन, रियर पार्किंग सेंसर और रिवर्स कैमरा जैसे फीचर्स भी मिलेंगे।
नई लुक और डिजाइन
इसके साथ ही कार के एक्सटीरियर में भी बड़े बदलाव किए जाएंगे। 2021 मारुति सुजुकी सेलेरियो में नए डिजाइन किए गए छोटे फ्रंट ग्रिल और एयर डैम, हलोजन हेडलैंप, दरवाजे के नए हैंडल, अपडेटेड रियर बंपर और टेललैंप्स होंगे। नेक्स्ट जेनरेशन मॉडल मौजूदा सेलेरियो की तुलना में बड़ी, ऊंची और ज्यादा स्पेस वाली होगी।
दो इंजन ऑप्शन और कीमत
नई 2021 मारुति सेलेरियो में ज्यादा पावरफुल इंजन के साथ आएगी। इस कार में दो इंजन ऑप्शन मिलेगा। पहला 1.2-लीटर, 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलेगा। यह इंजन 83 bhp का पावर जेनरेट करता है। इसके अलावा यह हैचबैक कार एक अन्य इंजन ऑप्शन के साथ भी उपलब्ध होगी। इसमें 1.0-लीटर, 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलेगा। यह इंजन 68 bhp का पावर जेनरेट करता है। यह मॉडल 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स स्टैंडर्ड मिलेगा। हालांकि इस कार को एएमटी गियरबॉक्स के विकल्प के साथ भी पेश किए जाने की संभावना है। मारुति सुजुकी सेलेरियो के मौजूदा मॉडल को 4.41 लाख रुपये से लेकर 5.68 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत में बेचती है। नए बदलावों के साथ इसकी कीमत में निश्चित रूप से बढ़ोतरी हो सकती है।