घर में वास्तु दोष हो तो उसका नेगेटिव इफेक्ट वहां रहने वाले परिवार के हर सदस्य पर पड़ता है। फेंगशुई में विंड चाइम्स को बेहद शुभ, समृद्धिकारक और वास्तुदोष दूर करने वाला माना गया है। माना जाता है कि विंड चाइम से निकली मधुर ध्वनि एवं ऊर्जा भवन की नकारात्मक ऊर्जा को शांत कर दुर्भाग्य को दूर करती है। अगर आप चाहते हैं कि विंड चाइम आपके लिए गुडलक और तरक्की लेकर आए तो ध्यान रखें कि इससे निकलने वाली आवाज सुमधुर हो जो घर के सभी सदस्यों को अच्छी लगे।
कहां, कैसी पवन घंटी लगाएं
बाज़ार में मिलने वाली विंड चाइम्स कई प्रकार की होती हैं जैसे लकड़ी, मेटल, मिट्टी इत्यादि। लेकिन दिशा के तत्व के अनुसार इन्हें लगाना लाभदायक होता है। पूर्व और दक्षिण-पूर्व(आग्नेय) एवं दक्षिण दिशा काष्ठ तत्व से संबंध रखती है इसलिए इन दिशाओं में पॉजिटिव एनर्जी को एक्टिव करने के लिए वुडन विंड चाइम लगाना अधिक प्रभावशाली रहेगा। घर की पश्चिमी,उत्तर-पश्चिम(वायव्य) और उत्तर दिशा में टांगने के लिए धातु से बने विंड चाइम घर के वातावरण में सौहार्द एवं शांति बनाए रखने में सहायक होंगे इसी प्रकार उत्तर-पूर्व(ईशान) तथा मध्य स्थान के लिए मिट्टी, क्रिस्टल या सिरेमिक से बनी विंड चाइम लगाने से परिवार के सदस्यों को कामयाबी हासिल करने में मदद मिलती है। घर के दक्षिण-पश्चिम(नैऋत्य) क्षेत्र में इन्हें टांगने से आपसी संबंधों में मजबूती व मधुरता आती है। इस दिशा में आप लकड़ी, मिट्टी या धातु से बनी पवन घंटी लगा सकते हैं।