ज्योति पर्व से पहले सुर-साज संग पारंपरिक सवारियों का संगम शनिवार को सिविल लाइंस में हर किसी के जेहनोदिल में छा गया। तीन किमी से अधिक क्षेत्रफल में दीपों की लड़ियों से जहां सिविल लाइंस जगमगा उठा, वहीं पारंपरिक सवारियों के साथ सुरों, लय,ताल के सफर का भी आगाज हो गया। मौका था पांच दिवसीय अमर उजाला शुभ लाभ शापिंग कार्निवाल का। ढोल-नगाड़े के बीच उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि महापौर गणेश केसरवानी, नगर आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग और पीडीए वीसी अरविंद चौहान ने संयुक्त रूप से दीप जलाने के बाद ऊंट-घोड़ों की सवारियों को हरी झंडी दिखाकर कर किया।
मुक्ताकाशीय मंच पर शाम सात बजे शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा आरती से हुई। जय त्रिवेणी जय प्रयाग के अध्यक्ष प्रदीप पांडेय, आचार्य कृष्ण दत्त तिवारी, आचार्य हरि पांडेय के आचार्यत्व में पं. आशुतोष पाठक, रोहित पांडेय, प्रत्यक्ष पांडेय, अभिषेक पांडेय, नैतिक पाठक, किशन तिवारी और ब्रह्मानंद तिवारी ने पांच चौकियों पर चंवर डुलाकर 51 दीपों की गंगा आरती की।