घर हो या दफ्तर, दिन भर थकावट, नींद का आना और आलस्य लगभग हमारे रोज की दिनचर्या का हिस्सा हो चुके हैं।
दिन में अधिक नींद आने की स्थिति हाइपरसोमनिया कहलाती है जिसकी वजहें कई हो सकती हैं।
आमतौर पर दिन में नींद आने के पीछे ऊर्जा की कमी, कम नींद या शारीरिक श्रम का अभाव आदि हो सकती हैं। ऐसे में अगर आपका दिन भी हर समय ऊंघते हुए बीतता है तो इन उपायों से नींद दूर भगा सकते हैं।
रोज करें कसरत
शरीर में ऊर्जा का संचार ठीक तरह न हो तो दिन भर थकान, आलस्य और नींद की दिक्कत होती है। ऐसे में रोज सुबह 30 मिनट से एक घंटे तक किसी भी प्रकार की कसरत आपको दिन भर तरोताजा रखने में मददगार हो सकती है।
समय करें तय
वैसे दफ्तर में नींद ले पाना तो मुश्किल है लेकिन अगर दिन में आपके पास थोड़ी सी फुरसत हो तो नींद के लिए भी समय तय कर लें। हर शरीर की नींद की अपनी अलग-अलग जरूरते होती हैं।
दिन में आधे घंटे की नींद अगर आपके रुटीन का हिस्सा है तो इसमें कुछ गलत नहीं है और यह दिन भर आपको ताजा रखने व थकावट दूर करने में भी मददगार है।
रात में लें भरपूर नींद
कई बार रात में नींद अच्छी तरह न पूरी होने पर भी दिन में नींद, थकावट व भारीपन जैसी दिक्कते होती हैं। ऐसे में जरूरी है कि शरीर की जरूरत के हिसाब से नींद रात में आप लें।
संतुलित रखें डाइट
रात के समय हेवी डाइट, बहुत अधिक जंक फूड आदि का सेवन भी शरीर को जल्दी थकाने और ऊर्जा कम करने का कारण हो सकता है।
ऐसे में सेहतमंद भोजन को दिन में थोड़ी मात्रा में कई-कई बार लेने से आप दिन भर ताजगी से भरे रहेंगे।
तनाव से रहें दूर
कई बार आवश्यकता से अधिक तनाव की स्थिति में नींद उड़ने के बजाय अधिक भी आती है। ऐसे में खुद को तनाव से दूर रखने के लिए सेहतमंद जीवनशैली अपनाएं जिससे आप हर समय फ्रेश रहेंगे।