अगर आपके बाल सुंदर हैं, तो पर्सनैलिटी भी बेहतर लगती है। लेकिन सुंदर बालों के लिए सही रखरखाव और उचित खानपान बेहद जरूरी है। आइए जानें कि ऐसी कौन चीजें हमें खानी चाहिए, जो बालों को चमकदार बनाए रखती हैं।
साबुत अनाज
साबुत अनाज में जिंक, विटामिन बी और आयरन जैसे पोषक तत्व पाये जाते हैं, जो बालों को सेहतमंद बनाए रखने में काफी मददगार होते हैं। जिंक उन हार्मोन का संचालन करता है, जो बालों को मजबूत, मोटे और लंबे बनाते हैं।
अगर आप नियमित रूप से जिंकयुक्त आहार खा रहे हैं, तो आपके बाल मजबूत होंगे और बालों के गिरने की समस्या ख्त्म हो जाएगी।
खट्टे फल
खट्टे पदार्थ के सेवन से बालों को लाभ मिलता है। इसके लिए आप संतरा, अंगूर, नीबू जैसे फलों का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसी तरह बालों की सेहत के लिए जामुन भी सबसे उत्तम माना गया है।
गाजर
गाजर में विटामिन-ए पाया जाता है, यह न केवल आंखों के लिए बल्कि बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद है। गाजर बालों में आवश्यक प्राकृतिक तेलों को बनाए रखने में मदद करता है। गाजर खाने से बाल स्वस्थ और चमकीले होते हैं।
बादाम
बादाम और अखरोट जैसे सूखे मेवे बालों के लिए कुदरत के वरदान की तरह हैं। इनमें आयरन, कॉपर, फॉस्फोरस, विटमिन बी1 और प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है।
यह शरीर में हीमोग्लोबिन को बढ़ाता है और नई कोशिकाओं का विकास करता है, जिससे बाल स्वस्थ रहते हैं। बादाम के तेल में 2-3 चम्मच बादाम का दूध मिलाकर बालों की जड़ों पर लगाने से बाल मजबूत और घने होते हैं।
शहद
शहद में आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम, सोडियम, विटमिन -बी और सी, एंजाइम्स और अमीनो एसिड पाए जाते हैं।
शहद बालों व त्वचा के लिए कुदरती मॉइस्चराइजर का काम करता है। शहद बालों को नर्म, मुलायम, चमकदार और स्वस्थ बनाने में मदद करता है।
अंडा
अंडे में प्रोटीन और अमीनो एसिड, विटमिंस (ए, डी एवं ई) और मिनरल्स पाए जाते हैं, जो बालों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी हैं। इसमें मौजूद प्रोटीन और लेसिथिन बालों के फॉलिकल्स को मजबूत बनाते हैं।
अंडे की जर्दी बालों में लगाने से प्रदूषण और अल्ट्रा वॉयलट किरणों से बालो को बचाया जा सकता है।