मंहगाई पर गैरजिम्मेदाराना बयान देने वाले कांग्रेस नेताओं की सूची में एक नाम और बढ़ गया है। अब कानून मंत्री कपिल सिब्बल ने महंगाई के लिए गरीबों को ही जिम्मेदार ठहरा दिया है।
ग्वालियर में कपिल सिब्बल ने बढ़ती महंगाई के सवाल पर संवाददाताओं से कहा कि देश के गरीब अब दाल के साथ सब्जी भी खाने लगे हैं जिससे महंगाई बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि पहले गरीब वर्ग दाल रोटी खाता था और अब उसके साथ सब्जी भी खाने लगा है। इससे एक तरफ मांग बढ़ी है और उत्पादन में कमी आई है। इस कारण ही महंगाई बढ़ी है।
इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कुछ महीने पहले इलाहाबाद में कहा था कि गरीबी एक मानसिक अवस्था है। जिसे लेकर उन्हें आलोचना झेलनी पड़ी थी।
कांग्रेस नेता राज बब्बर और रशीद मसूद भी महंगाई को लेकर शर्मनाक बयान देकर फंस चुके हैं। राज बब्बर ने 12 रुपए में और मसूद ने पांच रुपए में भरपेट खाना मिलने की बात कही थी।
हालांकि कपिल सिब्बल जबलपुर में इस बात से मुकर गए। यहां उन्होंने कहा कि महंगाई एक गंभीर मुद्दा है। सब्जी व फलों के दाम बढ़े हैं, अनाज के दाम कम बढ़े हैं। उन्होंने महंगाई के लिए राज्य सरकार को दोषी ठहराया।
सिब्बल ने कहा कि बढ़ती कीमतों की जिम्मेदार राज्य सरकार भी है। मांग और आपूर्ति के सिद्धांत पर ध्यान देते हुए उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए। उन्हें केन्द्र को कोसने का हक नहीं है क्योंकि अनाज, सब्जी राज्यों में पैदा होती है।
नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष
कपिल सिब्बल ने नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोलते हुए उन्हें फिर से विकास के मुद्दे पर किसी भी मंच पर चर्चा के लिए चुनौती दी।
उन्होंने कहा कि विपक्ष आरोप लगा रहा है कि यूपीए शासनकाल में देश पिछड़ गया है, महंगाई बढ़ी है और विकास नहीं हुआ है। सिब्बल ने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का स्वप्न देखने वाले का सच से कोई सरोकार नहीं है। जिसे इतिहास की जानकारी नहीं है वह क्या इतिहास बनाएगा।
मध्य प्रदेश में कमजोर बच्चे
कपिल सिब्बल ने भाजपा के मध्य प्रदेश में विकास के दावे को झुठलाते हुए कहा कि लालकृष आडवाणी का कहना है राज्य का विकास मॉडल अच्छा है जबकि सबसे अधिक कमजोर बच्चे यहीं पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नाबालिग बच्चियों के साथ सबसे अधिक दुष्कर्म की घटना मध्य प्रदेश में हो रही है। सबसे ज्यादा अपराध राज्य में है। बच्चों पर अत्याचार व भ्रष्टाचार के मामले में भी यही प्रदेश सबसे आगे है।