मुंबई ब्लास्ट केस में संजय दत्त ने कहा है कि वे सरेंडर करने को तैयार हैं। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि वे अपने लिए माफी नहीं मांग रहे हैं।
अवैध हथियार रखने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने संजय दत्त को पांच साल की सजा सुनाई थी। पहले ही संजय डेढ़ साल की सजा काट चुके हैं। अब उन्हें करीब साढ़े तीन साल जेल में रहना होगा।
'मैं बिल्कुल टूट चुका हूं'
अपनी बहन प्रिया दत्त के साथ मीडिया से बातचीत में संजय ने रोते हुए कहा, 'मैं बिल्कुल टूट चुका हूं। जिन लोगों ने मेरी माफी की बात कही है उनके लिए मैं तहेदिल से शुक्रिया अदा करता हूं। मैं मीडिया से अपील करता हूं कि वह मेरे बाकी के दिनों में हस्तक्षेप नहीं करे।'
संजय ने कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं। वे अदालत के फैसले के खिलाफ अपील नहीं करेंगे। एक महीने के भीतर वे सरेंडर कर देंगे।
उन्होंने कहा, 'मैं अपने देश से बेहद प्यार करता हूं। मुझे अपने देशवासियों से बेहद प्यार है। मुझे अब काफी काम निपटाना है।'
अपने इरादे पर काटजू अटल
वहीं भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष न्यायमूर्ति मार्कण्डेय काटजू ने साफ किया है कि संजय के इनकार से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। वे संजू की माफी के लिए राज्यपाल को चिट्ठी लिखेंगे।
उल्लेखनीय है कि काटजू समेत कई राजनेताओं और फिल्मी हस्तियों ने संजय दत्त की माफी की अपील की थी।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुनाई गई सजा के बाद गुरुवार की सुबह पहली बार संजय दत्त फिल्म की शूटिंग के लिए निकले।
अवैध हथियार रखने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने टाडा कोर्ट द्वारा दिए गए फैसले को बरकरार रखा था। उन्हें साढ़े तीन साल जेल में बिताने का आदेश दिया था। संजय दत्त को चार सप्ताह के अंदर कोर्ट में समर्पण करना है।