तीन दोस्तों ने 10वीं के एक छात्र की अश्लील तस्वीर खींच ली और फिर उसे ब्लैकमेल करने लगे। 25 हजार रुपए न देने पर वह तस्वीर फेसबुक पर डालने की धमकी देने लगे।
इससे वह लड़का काफी उदास और दुखी रहने लगा। यह बात जब उसके एक परिजन को पता चली तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तीन में से एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
यह मामला उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले का है।
शिवपुर क्षेत्र के कादीपुर निवासी छात्र से उसके तीन दोस्तों ने हंसी-मजाक के दौरान कमरे में उसके कपड़े उतरवा दिए। फिर मोबाइल से उसका फोटो खींच लिया। यह महीने भर पहले की बात है। इधर, वे अश्लील फोटो को फेसबुक पर अपलोड कर बदनाम करने की धमकी देकर छात्र से 25 हजार रुपए की मांग करने लगे।
इस मामले को लेकर छात्र उदास रहने लगा। इस पर उसके चाचा ने पूछताछ की तो माजरा समझ में आ गया। उन्होंने शिवपुर थाने में इंद्रपुर निवासी अजय पटेल समेत तीन के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। आरोपियों में अजय ही बालिग है। रविवार को पुलिस ने छापा मारकर छात्र के एक नाबालिग दोस्त को हिरासत में ले लिया।
उसने पुलिस को बताया कि घटना के दिन अजय ने उस पर फोटो खींचने का दबाव बनाया था। इस बीच आरोपियों को जब मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली तो उन्होंने मोबाइल से फोटो डिलीट कर दिया।
इस बारे में थाना प्रभारी जेएन तिवारी ने कहा कि आरोपियों के अभिभावकों को उनकी करतूतों के बारे में जानकारी दी गई है।