फेज-2 पुलिस ने रविवार को एक्सपोर्ट कंपनी संचालक के सेक्टर 92 स्थित ओमेक्स फॉरेस्ट सोसायटी स्थित फ्लैट में बंधक बनाकर रखी नौकरानी को मुक्त कराया। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि आरोपी कंपनी संचालक के खिलाफ महिला को बंधक बनाकर रखने का मामला दर्ज किया गया है। उन्हें हिरासत में ले लिया गया है।
एक्सपोर्ट कंपनी संचालक शिव भार्गव सेक्टर-92 स्थित ओमेक्स फॉरेस्ट सोसायटी में रहते हैं। उनके घर में डेढ़ साल से झारखंड की रहने वाली 50 वर्षीय महिला काम कर रही थी। महिला ने बताया कि न तो उसे काम के एवज में पैसे दिए जा रहे थे और नहीं ही उसे बाहर जाने की इजाजत थी। आरोप है कि नौकरानी के साथ अमानवीय व्यवहार भी किया जाता था।
इससे परेशान होकर महिला ने किसी तरह झारखंड में रहने वाली अपनी बेटी को सारी बताई और बंधन मुक्त कराने की गुहार लगाई। रविवार को महिला की बेटी और दामाद सोसायटी पहुंचे। उन्होंने कंपनी संचालक के फ्लैट में जाने की कोशिश की लेकिन सिक्योरिटी गार्ड ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया। इसके बाद दोनों ने फेज दो कोतवाली पहुंचकर कंपनी संचालक की शिकायत की। इसके बाद पुलिस की एक टीम महिला की बेटी और दामाद के साथ सोसायटी पहुंची और फ्लैट से महिला को मुक्त करा लिया।