साथ जीने-मरने के सपने देख रही अमरौहा के गजरौला क्षेत्र की युवती के मान को जब मित्रों संग मंगेतर ने ही ठेस पहुंचाई तो उसने जिंदगी से ही मुंह मोड़ लिया।
गुरुवार रात पीड़िता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह घरवालों को घटना की जानकारी लगी। उसने सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें 12 नवंबर को रेलवे क्रॉसिंग पर मित्रों संग मंगेतर के छेड़छाड़ करने और गैंगरेप की धमकी का आरोप लगाया है।
युवती ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत ससुराल वालों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गजरौला थाना क्षेत्र की रहने वाली 23 वर्षीय युवती की शादी इसी थाना क्षेत्र के बहलोलपुर के रहने वाले कौशल कुमार से तय हुई थी, वह जोया क्षेत्र में एक कॉलेज से एमबीए कर रहा है। युवती की गोद भराई की रस्म भी हो चुकी थी।
घटनास्थल पर मिले सुसाइड नोट में युवती ने लिखा है कि, 12 नवंबर को रेलवे क्रॉसिंग के पास अपने पांच मित्रों के साथ मिलकर छेड़छाड़ की। घर पर बताने पर गैंगरेप की धमकी भी दी।