हाथरस में हवस में अंधे एक पिता ने खून के रिश्ते को कलंकित कर दिया। कई साल से वह अपनी ही बेटी से दुष्कर्म करता रहा। पिता की घिनौनी करतूत जब उसने मां को बताई तो उसने मारपीट कर बेटी को चुप करा दिया। बाद में उसने एक महिला की मदद से पुलिस का फोन नंबर लेकर मदद की गुहार लगाई, तब जाकर पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और किशोरी का डॉक्टरी परीक्षण कराया। मामले की रिपोर्ट इसी किशोरी ने अपने पिता के खिलाफ दर्ज कराई है।
बुधवार की रात्रि में कंट्रोल रूम पर फोन आने के बाद पुलिस ने शहर के एक मोहल्ले में दबिश दी और उसके बाद वहां से एक अधेड़ को हिरासत में लेकर उसकी बेटी को भी अपने साथ ले आई। किशोरी ने जब पिता की हैवानियत बताई तो पुलिस दंग रह गई। किशोरी ने बताया कि उसकी उम्र लगभग 15 वर्ष है। वह शहर के ही एक इंटर कॉलेज में कक्षा छह की छात्रा है। उसने आरोप लगाया कि उसका बाप शराबी है और कई साल से उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा है। उसने कई बार अपनी पीड़ा अपनी मां को बताई तो मां ने उल्टे उसे मारपीट कर चुप करा दिया। किशोरी ने बताया कि उसके घर के निकट ही उसकी एक आंटी रहती हैं।
बाप की करतूतों से परेशान होकर उसने यह बात अपनी आंटी को बताई तो आंटी ने उसे पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर दिया। अब बुधवार की रात्रि में भी उसका बाप उसके साथ वहशीपन करने को आमादा था तो वह अपने बाप से जैसे-तैसे बचकर आई और फिर फोन पर इसकी सूचना पुलिस को दी। इस किशोरी ने तो यह भी बताया कि उसका पिता इसी तरह की हरकतें उसकी बड़ी बहन के साथ भी करता था। उसकी बहन की शादी हो चुकी है। पुलिस ने इस किशोरी का डॉक्टरी परीक्षण करा उसकी तहरीर के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इधर, आरोपी पिता का कहना है एक महिला ने साजिश रचकर उसकी बेटी को गुमराह कर उस पर इस तरह का आरोप लगवाया है। वह पूरी तरह से निर्दोष है। कोतवाली प्रभारी नित्यानंद का कहना है कि लड़की की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मां बोली कि बेटी को बरगला रही एक महिला
आरोपी की पत्नी का भी यही कहना है कि उनके पड़ोस में रहने वाली महिला ही उनके परिवार को बर्बाद करने पर तुली है। उसी ने उनकी बेटी को बरगलाया है। पत्नी का कहना है कि उसके पति सिलाई का काम करते हैं। बड़ी बेटी की वह शादी कर चुकी हैं। खुद वह परचून की दुकान करती हैं। उनके दो लड़के भी हैं। इधर, बताते हैं कि आरोपी पिता पूर्व में हत्या के मामले में जेल में भी रहा है और पिछले दिनों ही उसकी जमानत हुई है।