सरस्वती लोक, माधवपुरम स्थित रिलायंस जियो कंपनी के टावर पर डकैती डालने वाले दस सदस्यीय गैंग का भंडाफोड़ हुआ है। गैंग के सभी सदस्य युवा हैं। जिनमें चार आरोपी बीटेक, दो बीकॉम और एक छठी कक्षा पास है। जबकि गैंग का सरगना 12वीं पास है जो टावर कंपनी में ठेकेदार रह चुका है। इन आठ गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 1.70 करोड़ रुपये कीमत के अत्याधुनिक डिजिटल उपकरण बरामद हुए हैं। पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी कंपनी बनाकर अभी तक करीब 10 करोड़ रुपये के अत्याधुनिक उपकरण अमेरिका और इंग्लैंड में ऑनलाइन बेच चुके थे, जो कई रिलायंस जियो टावर से लूटे गए थे।
आईजी जोन सुजीत पांडेय ने बृहस्पतिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में गिरफ्तार आरोपियों को पेश करते हुए बताया कि बीती छह अगस्त को ब्रह्मपुरी थाना अंतर्गत सरस्वती लोक स्थित रिलायंस जियो टावर पर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने गार्ड अनिल को बंधक बनाकर डाका डाला था। बदमाश टावर से 4-जी नेटवर्क के अत्याधुनिक डिजीटल नेटवर्किंग माइक्रो डाटा, आरएसपी, रूटर, वाइस ट्रांसफर आदि लूटकर ले गए थे। जिनकी कीमत मार्केट में करीब तीन करोड़ बताई गई। इस मामले को एसओ ब्रह्मपुरी सतेंद्र यादव ने दबाते हुए चोरी में केस दर्ज किया था। कंपनी मालिक ने इसकी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री से की थी। जिसके बाद आईजी सुजीत पांडेय और एसएसपी जे. रविंदर गौड़ ने ब्रह्मपुरी पुलिस और क्राइम ब्रांच को संयुक्त रूप से प्रयास कर खुलासे के निर्देश दिए थे।
पटना का चंदन सरगना
इस गैंग का सरगना बारहवीं पास पटना निवासी चंदन है। जिसने दिल्ली से टेलीकॉम नेटवर्किंग कोर्स किया था। वह दिल्ली और गुड़गांव में निजी संचार कंपनियों में आउट सोर्सिंग का काम कर चुका है। करीब पांच माह पूर्व गुड़गांव की जिस आईटी कंपनी में वह नौकरी कर रहा था, उसे रिलायंस जियो के 4-जी टावर का काम मिला हुआ था। जिसके चलते उसे देश भर में जहां 4-जी टावर का काम चल रहा है, उसकी बारीकी से जानकारी रहती थी। चंदन ने पूरा प्लान बनाकर एक-एक कर नौ साथियों को अपने साथ जोड़कर ब्रह्मपुरी के इस टावर पर डकैती को अंजाम दे डाला।
फर्जी कंपनी बनाकर ऑनलाइन डीलिंग
आईजी के अनुसार 4-जी नेटवर्क के अत्याधुनिक उपकरण टावर से निकलते ही कंपनी का यूपी समेत तमाम राज्यों का नेटवर्किंग सिस्टम फेल हो सकता था। गैंग के सदस्य बड़े एक्सपर्ट हैं। इन्होंने एक फर्जी कंपनी बनाकर यूएसए की टावर कंपनियों से ऑनलाइन संपर्क बना लिया। जिसके जरिये 4-जी नेटवर्किंग के अत्याधुनिक उपकरण ऑनलाइन बेचते थे। यूएसए की कंपनी से उपकरणों की रकम भी कंपनी के फर्जी खातों में ट्रांसफर कराते थे।
अगला टारगेट पल्लवपुरम था
आईजी के मुताबिक इस गैंग का अगला निशाना पल्लवपुरम में लगा रिलायंस जियो का टावर था। जिसे बृहस्पतिवार (आज) लूटना था। जिसके चलते गैंग के सदस्य सुबह दिल्ली रोड स्थित शॉप्रिक्स मॉल में एकत्र हुए थे। उसके बाद मुजफ्फरनगर और फिर देहरादून में रिलायंस के टावर पर धावा बोलना था।
अलीगढ़, ग्वालियर, मथुरा में टावर लूट चुके
आईजी के अनुसार यह गिरोह अलीगढ़, ग्वालियर और मथुरा में रिलायंस कंपनी जियो का टावर लूट चुका है। आरोपियों ने लूटा हुआ सामान अमेरिका और इंग्लैंड की कंपनी को ऑनलाइन बेचा है। प्रेेसवार्ता ने आरोपियों ने बताया कि अब तक करीब 10 करोड़ रुपये का सामान वह यूएसए में बेच चुके है। इस गिरोह में कंपनी के कई कर्मचारी भी शामिल हैं। जोकि एक-दूसरे के संपर्क में रहते थे। पुलिस अलीगढ़, ग्वालियर और मथुरा पुलिस से संपर्क कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
1. चंदन पुत्र रविंदर नाथ पांडेय
राजीव नगर पटना बिहार
हाल पता : ए-20 चतुर्थ तल, गणेशनगर शकरपुर नई दिल्ली
शिक्षा : बारहवीं, नेटवर्किंग कम्युनिकेशन
(गिरोह का सरगना, पिता सिंचाई विभाग से रिटायर एसडीओ)
2. अपूर्व श्रीवास्तव पुत्र सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव
ए-180 बीएचईएल टाउनशिप जगदीशपुर इंडस्ट्रियल एरिया, अमेठी
हाल पता : ए-20 द्वितीय तल गणेशनगर शकरपुर नई दिल्ली
शिक्षा : बीटेक इन इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स
3. पवन पुत्र राधाकिशन सिंह
महाराजपुर सहतवार बलिया, उत्तर प्रदेश
हाल पता : ए-20 चतुर्थ तल गणेशनगर शकरपुर नई दिल्ली
शिक्षा : बीटेक इन इलेक्ट्रॉनिक्स कम्युनिकेशन
4. संदीप पुत्र आरवी सिंह
डी-53 एसआईडीसी जगदीशपुर अमेठी, उत्तर प्रदेश
हाल पता : ए-20 चतुर्थ तल गणेशनगर शकरपुर नई दिल्ली
शिक्षा : बीटेक इन मेकेनिकल
5. उत्कर्ष जोशी पुत्र प्रकाश जोशी
ईएसटीसी कानिया रामनगर, नैनीताल (उत्तराखंड)
हाल पता. ए-211 सेक्टर-19 नोएडा (यूपी)
शिक्षा : बीटेक इन कंप्यूटर साइंस
6. क्षितिज गुप्ता पुत्र सुनील कुमार गुप्ता
बी-17 बीएचईएल टाउनशिप जगदीशपुर इंडस्ट्रियल एरिया, अमेठी यूपी
हाल पता: किशनकुंज कॉलोनी थाना शकरपुर, नई दिल्ली
शिक्षा: बीकॉम एंड सीए फाइनल ईयर
7. देवेंद्र उर्फ रिंकू पुत्र रतन सिंह
266, आशाराम गली, मंडावली नई दिल्ली
शिक्षा : कक्षा छह
8. भरत विशाल सिंह पुत्र मृत्युंजय सिंह
टकटकपुर गैस गोदाम कॉलोनी के पीछे, वाराणसी
हाल पता : ए-20 द्वितीय तल गणेशनगर शकरपुर नई दिल्ली
शिक्षा : बीकॉम एवं मैनेजमेंट कोर्स फाइनल ईयर
फरार आरोपी
1. रविकांत पुत्र सत्यपाल सिंह
शास्त्रीनगर, मेरठ
2. धर्मेंद्र पुत्र आरबी शर्मा
पीवीटी स्टाफ क्वार्टर, नई दिल्ली