धौलपुर की निहालगंज थाना पुलिस ने डकैती की योजना बनाते हुए 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने अवैध हथियार और भारी तादाद में जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
धौलपुर के निहालगंज थाना प्रभारी केदारनाथ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार के निर्देशों पर बदमाशों और डकैतों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया है। उन्होंने बताया कि धरपकड़ अभियान के तहत जिला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रीको के निजी शिक्षण संस्थान के पास डकैती के इरादे से घूम रहे हैं पांच बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
2 अवैध देशी तमंचे और आधा दर्जन जिंदा कारतूस बरामद
गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से 2 अवैध 315 बोर के देसी तमंचे, आधा दर्जन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहा। उन्होंने बताया बदमाश शहर के सैंपऊ रोड पर ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाने की फिराक में थे। बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया आरोपियों के खिलाफ फिलहाल आर्म्स एक्ट में आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
इन आरोपियों को पकड़ा
- मानवेंद्र उर्फ मनीष (24), निवासी ट्रांसपोर्ट यमुना कॉलोनी, आगरा
- विनोद सिंह (26), निवासी दारापुर, आगरा
- अभिमन्यु उर्फ भोला (23), निवासी गढ़ी धर्मपाल का गौराल, आगरा
- पिंटू उर्फ राजेन्द्र (38), निवासी जिरौली, धौलपुर