झिंझाना। पुलिस ने लकड़ी चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार कर के उनके कब्जे से चोरी की करीब 11 क्विंटल लकड़ियां बरामद की हैं। इन्हें वह छोटे हाथी में भरकर ले जा रहे थे। पकड़ी गई लकड़ियां गत 10 अप्रैल को सींगरा गांव के जंगल से काटी गई थीं। इनको पुलिस ने करनाल रोड स्थित सींगरा फार्म के पास से बरामद कर लिया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने करनाल रोड पर राजकीय कृषि फार्म के पास लकड़ियों से भरे छोटे हाथी को पकड़ लिया। जांच करने पर पता चला कि लकड़ियां कत्थे के पेड़ की हैं। बीती 10 अप्रैल को सिंगरा क्षेत्र के एक खेत से पेड़ों को काटा गया था। इसकी रिपोर्ट सींगरा निवासी रविंद्र कुमार ने लिखाई थी। पकड़े गए अभियुक्त हरिद्वार के सुलेमान व गुड्डू निवासी गांव सिकरोड़ा थाना भगवानपुर, तालिब गांव नियामतपुर थाना बेहट जनपद सहारनपुर हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान ने बताया कि एक छोटे हाथी में ये लकड़ियां बरामद हुई हैं, जो सिंगरा के खेत से गत 10 अप्रैल को काटी गई थीं।