हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में 24 सितंबर को गठित एससीए का वीरवार को शपथ ग्रहण समारोह होगा। एससीए के मुख्य तीन पदों पर मेरिट आधार पर मनोनीत पदाधिकारियों के त्यागपत्र देने के बावजूद विवि ने शपथ ग्रहण समारोह की तिथि और समय तय कर दिया है।
कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने मनोनीत छात्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसके बाद ही समारोह पर फैसला लिया गया। तीन मुख्य पदों से त्यागपत्र देने वाली छात्राओं का समारोह में आना मुश्किल है। कितने छात्र प्रतिनिधि शामिल होंगे, इस पर समारोह में ही स्थिति साफ होगी। ऐसे में चुनाव की तरह छात्र इसे भी महज ड्रामा करार देने लगे हैं।
विवि ने एससीए के लिए मनोनीत पदाधिकारियों को न्योता भेजा है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय ने इनसे फोन पर भी संपर्क किया है। कमेटी रूम में मनोनीत एससीए के साथ बैठक में कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं का प्रत्येक कार्य में सहयोग एवं सहभागिता को बढ़ाकर उनकी सृजनात्मकता को सामने लाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि कुछ तत्व हिंसा का रास्ता अपनाकर शैक्षणिक माहौल खराब कर रहे हैं। इससे विवि की छवि खराब हो रही है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एमएस चौहान ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में मनोनीत सभी छात्रों को बुलाया गया है। जो भी आएंगे, उन्हें शपथ दिलाई जाएगी। जिनके त्यागपत्र आए हैं, उनके पद नहीं भरे जाएंगे।
कर्मचारी संगठन के नेताओं से बैठक
कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी ने बुधवार को विवि कर्मचारी संगठनों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कर्मचारियों से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और प्रशासनिक विकास में सकारात्मक सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिल-जुलकर विश्वविद्यालय के विकास के लिए सहयोग करना चाहिए। इसके बाद शिक्षकों के संगठन हपुटा और हपुटवा पदाधिकारियों ने भी कुलपति के साथ बैठक की।