गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी (जीबीयू) में दाखिले के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया आज (सोमवार) से शुरू होगी। इंजीनियरिंग समेत सभी यूजी-पीजी कोर्स में दाखिले के लिए 22 जून से 10 जुलाई के बीच ऑनलाइन और ऑफलाइन काउंसलिंग, जीडी, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर दाखिला दिया जाएगा।
बीटेक-एमटेक और बीटेक-एमबीए के अलग-अलग ब्रांच के छात्र 22 से 26 जून के बीच ऑनलाइन च्वाइस लॉक कर अपनी पसंद के हिसाब से सीट चुन सकते हैं, जिसमें छात्रों के पास पांच अलग-अलग ब्रांच की सीट का विकल्प मौजूद रहेगा। 9 और 10 जुलाई को ऑफलाइन काउंसलिंग में छात्रों के प्रमाण पत्रों की जांच कर उनकी मेरिट के आधार पर सीट अलॉट कर दी जाएंगी। किसी छात्र के अनुपस्थित रहने की दशा में सीट को खाली मान लिया जाएगा। इस सीट को च्वाइस लॉकिंग के आधार पर अगले छात्र को दे दिया जाएगा।
यूनिवर्सिटी ने इंजीनियरिंग की 300 सीटों के लिए करीब 900 अभ्यर्थियों को मौका दिया है। इसके अलावा पीएचडी और एम-प्लान प्रोग्राम की प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए 23 से 25 जून के बीच बुलाया गया है।
एमबीए प्रोग्राम में सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू और ग्रुप डिस्कशन 23 से 25 जून के बीच होगा। इसके बाद 7 व 8 जुलाई को होने वाली ऑफलाइन काउंसलिंग में प्रमाण पत्रों की जांच कर मेरिट के आधार पर सीटें आलॉट कर दी जाएंगी।