विदेशी बाजारों में नरमी के बीच स्थानीय स्तर पर मांग कम रहने से घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी में गिरावट का रुख रहा। सोने के भाव 150 रुपये घटकर 28,200 रुपये प्रति दस ग्राम पर आ गए। वहीं, चांदी 200 रुपये कमजोर होकर 44,900 रुपये प्रति किलो पर बिकी। औद्योगिक इकाइयों की खरीदारी नरम रहने का दबाव चांदी की कीमतों पर देखा गया।
सराफा कारोबारियों का कहना है कि ज्वेलर्स और खुदरा व्यवसायियों की तरफ से खरीदारी कम रही। इसके साथ ही विदेशी बाजारों में गिरावट का रुख रहा। इनका असर घरेलू बाजार में सोने की कीमतों पर देखा गया।
सिंगापुर में सोने के भाव 0.6 फीसदी उतरकर 1,312.48 डॉलर प्रति औंस पर आ गए। चांदी भी 1.3 फीसदी लुढ़ककर 20.90 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई।
घरेलू बाजार में सोने की आठग्रामी गिन्नी 24,900 रुपये प्रति पर स्थिर रही। चांदी सिक्कों के भाव में भी कोई बदलाव नहीं हुआ। चांदी सिक्का लिवाली 79,000 और बिकवाली 80,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर टिके रहे।