यूक्रेन में तनाव बढ़ने से दुनिया भर के बाजारों में सोने की कीमतों में तेजी देखी गई। सोने की खरीदारी में अचानक आई तेजी से घरेलू बाजार में सोना 200 रुपये मजबूत होकर 31,300 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। जबकि, वैश्विक बाजारों में सोने के दाम 1.7 फीसदी उछल गए। वहीं, घरेलू बाजार में चांदी के भाव 600 रुपये बढ़कर 47,900 रुपये प्रति किलो हो गए।
सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि यूक्रेन और रूस के बीच बढ़ते तनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजारों में खरीदारी तेज हो गई। वहीं, निवेशकों ने अपने फंड सुरक्षित निवेश के रूप में सोने में ट्रांसफर करने शुरू कर दिए। इसके चलते सोने के भाव में तेजी आई। सिंगापुर में सोने के भाव 1.7 फीसदी बढ़कर 1,348.58 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गए। सोने की तेजी का असर चांदी की कीमतों पर भी पड़ा। विदेशी बाजारों में चांदी भी 1.7 फीसदी ऊपर 21.59 डॉलर प्रति औंस पर बोली गई।
घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी में आई तेजी का असर सिक्कों के भाव पर पड़ा। सोने की आठग्रामी गिन्नी 50 रुपये बढ़कर 25,500 रुपये प्रति पर बिकी। चांदी के सिक्कों में भी 1,000 रुपये की बढ़त रही। चांदी सिक्का लिवाली भाव 89,000 और बिकवाली भाव 90,000 रुपये प्रति सैकड़ा हो गए।