फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश चुनाव: 2017 में किए वादों पर कितना खरी उतरी योगी सरकार, मतदाताओं के इन सवालों का क्या देंगे जवाब?

सार

किसान नेता चौधरी पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने गन्ने की डेढ़ गुनी कीमत देने की बात कही थी। गन्ना विकास बोर्ड के अनुसार गन्ना उत्पादन में लगभग 300 रुपये प्रति क्विंटल की लागत आती है। इस प्रकार इसका मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए, लेकिन अभी भी यह 325 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। गन्ने का आठ हजार करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया है...
विज्ञापन
गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला (फाइल)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अमित शाह ने 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया था। इसमें राज्य की जनता से राम मंदिर बनाने, अनुच्छेद 370 के विवादित अंशों को हटाने और तीन तलाक खत्म करने जैसे संवेदनशील मुद्दे तो शामिल किए ही गए थे, किसानों का कर्ज माफ करने, युवाओं को रोजगार देने और भ्रष्टाचार-अपराध मुक्त प्रशासन देने की बात भी कही गई थी। अब जब योगी आदित्यनाथ सरकार दोबारा चुनाव में जाने की तैयारी कर रही है, इनमें से कई मुद्दे पूरे करने में वह सफल रही है तो कई वादे ऐसे भी हैं जिन्हें पूरा करने में सरकार विफल रही है। चुनाव में उसे जनता के इन सवालों का जवाब देना पड़ सकता है।

विज्ञापन


उत्तर प्रदेश भाजपा नेता संजय चौधरी ने अमर उजाला को बताया कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश की छवि बदलने वाली नींव रखने का काम किया है। इसमें राम मंदिर बनाने, 370 के विवाद को खत्म करने और तीन तलाक को अपराध घोषित करने जैसे मुद्दे तो शामिल ही हैं, सरकार ने विकास के अनेक काम किये हैं। इसमें नियुक्तियों का भ्रष्टाचार रहित होना, कोरोना काल में एक करोड़ मानव दिवस रोजगार देना, एमएसएमई सेक्टर में पांच लाख रोजगार देना शामिल है।

भाजपा नेता के मुताबिक, चार प्राइवेट सहित कुल पांच विश्वविद्यालय, 30 मेडिकल कॉलेज और 385 कोरोना प्रयोगशालाएं स्थापित करने के साथ ही एक फॉरेंसिंक प्रयोगशाला उत्तर प्रदेश के विकास की कहानी कह रहा है। ग्रेटर नोएडा में फिल्म सिटी विकसित करने, पांच एयरपोर्ट विकसित करने, नोएडा में सैमसंग सहित अनेक विश्वस्तरीय कंपनियों के आने से विकास की राह मजबूत हुई है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जैसे तेजी से बन रहे हाईवे उत्तर प्रदेश को नई दिशा दे रहे हैं। हर ग्राम पंचायत में एक ऑपरेटर रखने के माध्यम से एक लाख युवाओं को रोजगार देना, किसानों को 18-24 घंटे तक बिजली देना सरकार की बड़ी उपलब्धि है।

विज्ञापन

घोषणाएं और उनकी स्थिति-

  • राम मंदिर का निर्माण कराएंगे- सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ। राम मंदिर के निर्माण के लिए पूर्व में आंदोलन चलाने के कारण भाजपा को इसका लाभ मिल सकता है।
  • तीन तलाक के विरोध में कानून लाएंगे- केंद्र सरकार ने तीन तलाक को गैर-कानूनी घोषित किया। उत्तर प्रदेश में भी बीजेपी को इसका लाभ मिल सकता है।
  • अनुच्छेद 370 के विवादित कानून खत्म करेंगे- केंद्र सरकार ने विवादित अंशों को निरसित घोषित किया। इसका लाभ भी भाजपा को मिल सकता है।
  • कानून-व्यवस्था की स्थिति सुधारेंगे- योगी आदित्यनाथ ने अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की है। इसके लिए जनता के बीच उसकी प्रशंसा भी हुई है। अनेक अपराधियों का एनकाउंटर कर अपनी छवि बनाई।
  • अवैध कत्लखानों पर पाबंदी- कत्लखानों को आधुनिक रूप दिया गया। बूचड़खानों पर प्रतिबंध लगा।
  • किसानों की कर्जमाफी- योगी आदित्यनाथ सरकार बनने के 15 दिन के अंदर किसानों का ऋण माफ करने का आदेश जारी हुआ। 30 हजार करोड़ रुपये की कर्जमाफी का दावा।
  • गन्ने की कीमत का 15 दिनों में भुगतान का दावा- किसानों के अनुसार गन्ने की कीमत मिलने में एक-डेढ़ महीने से छह महीने तक का समय लग रहा है।
  • 24 घंटे बिजली- कुछ क्षेत्रों में 18 घंटे तो कुछ क्षेत्रों में इससे भी ज्यादा मिल रही बिजली। लेकिन किसानों का बिजली बिल 900 रुपये मासिक से 1200 रुपये मासिक तक बढ़ाया।
  • दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा- योगी आदित्यनाथ सरकार ने तीन विशेष जोन बनाकर दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित किया।
  • बुंदेलखंड में सिंचाई-पेयजल की सुविधा बढ़ाएंगे- काफी कार्य हुआ। प्रदेश के हर जिले में पेयजल के लिए विशेष टेंडर जारी कर पेयजल पाइपलाइन बनाने का काम जारी।
  • डायल 100 को बेहतर बनाने का काम- पुलिस की व्यवस्था चुस्त करने की कोशिश हुई।
  • नौकरियों में इंटरव्यू खत्म कर भ्रष्टाचार पर लगाम- ग्रुप सी और डी की नौकरियों में इंटरव्यू खत्म हुआ।
  • 10 यूनिवर्सिटी, 25 मेडिकल कॉलेज बनाएंगे- कई जिलों में 30 मेडिकल कॉलेज खोलने का काम तेजी से चल रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी सहित अब तक पांच यूनिवर्सिटी के निर्माण का रास्ता साफ हुआ है।
विज्ञापन

लेकिन इन घोषणाओं पर सवाल

  • बकाया गन्ने का भुगतान- अभी तक नहीं पूरा हुआ ये वादा। आरोप है कि अभी तक आठ हजार करो़ड़ रुपये से ज्यादा का बकाया है।
  • कॉलेज जाने वाले छात्रों को लैपटॉप-एक जीबी डाटा- इस वायदे को पूरा करने में सरकार असफल रही। भाजपा नेताओं ने कोरोना काल को कारण बताया।
 

किसानों और विपक्ष के आरोप

भाजपा के तमाम दावों के बीच विपक्ष ने उत्तर प्रदेश सरकार को विफल बताया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह ने बताया कि योगी आदित्यनाथ सरकार हर मोर्चे पर असफल साबित हुई है। प्रदेश में लगातार महिलाओं के साथ दुष्कर्म सहित अपराध बढ़े हैं। हाथरस कांड जैसी घटनाओं ने प्रदेश सरकार के कड़े अनुशासन वाले प्रशासन की छवि को धूमिल कर दिया है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि कोरोना काल में श्रमिकों को पैदल आने का जो कष्ट उठाना पड़ा है, उसे उत्तर प्रदेश का श्रमिक कभी भूल नहीं पाएगा। इस दौरान उसके साथ केवल कांग्रेस खड़ी रही। प्रियंका गांधी और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने श्रमिकों को आने-जाने से लेकर उनके भोजन-पानी तक की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में गंगा किनारे जमीन में दफनाई गई लाशें अब दोबारा उखड़कर सामने आ रही हैं और योगी सरकार के विकास के दावों की कलई खोल रही हैं।

किसान नेता चौधरी पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने गन्ने की डेढ़ गुनी कीमत देने की बात कही थी। गन्ना विकास बोर्ड के अनुसार गन्ना उत्पादन में लगभग 300 रुपये प्रति क्विंटल की लागत आती है। इस प्रकार इसका मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए, लेकिन अभी भी यह 325 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। गन्ने का आठ हजार करोड़ रुपये से ज्यादा बकाया है। डीजल-खाद-बिजली की कीमतें बढ़ी हैं जिससे कृषि उपज की लागत बढ़ी है। सरकार गेहूं-धान की फसलों की खरीद का दावा जरूर करती है, लेकिन अभी भी किसानों की पूरी फसल नहीं खरीदी जा रही है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें