उत्तर प्रदेश में झिंझाना (शामली) क्षेत्र के एक गांव में मजदूर की पत्नी से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र के ही एक साहूकार से मजदूर ने कर्ज ले रखा था। जिसे नहीं चुका पाने पर साहूकार और उसके साथियों ने मिलकर मजदूर की पत्नी से दुष्कर्म किया। वहीं, पुलिस घटना से अंजान बन हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव निवासी मजदूर ने गांव के ही एक साहूकार से दस हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। दो माह बीतने पर भी वह रुपये और उनका ब्याज नहीं दे पाया। तो साहूकार ने उससे उसकी पत्नी को घर का काम करने के लिए कहा। इसी का फायदा उठाते हुए साहूकार उसकी पत्नी को एक ट्यूबवेल पर ले गया। जहां उसने अपने छह साथियों को बुलाकर पहले शराब पी और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला के बेहोश होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर मजदूर वहां पहुंचा और अपनी पत्नी झिंझाना में एक चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। उधर पीड़ित द्वारा पुलिस को सूचना देने की बात कहने पर उक्त साहूकार ने धमकाकर अंजाम भुगतने की धमकी दे डाली। उधर, थाना प्रभारी बीपी सिंह ने इस प्रकार की किसी भी घटना के होने से इंकार किया है।
युवती को प्रेमजाल में फंसाकर एक लाख में बेचा
- फोटो : Getty
झिंझाना (शामली) के ही एक गांव की युवती को प्रेमी अपने जाल में फंसाकर साथ ले गया और एक सप्ताह तक शारीरिक शोषण करता रहा। जब युवक का मन उससे भर गया तो एक लाख रुपये में उसने युवती को बेच दिया। बाद में समाज की पंचायत बैठी तो युवती को मुक्त करा कर उसकी शादी करा दी। बाद में पीड़ित के पिता की ओर से मामले में तहरीर दी गई, तो पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
जिला सहारनपुर के थाना देवबंद के एक गांव से युवती को एक युवक प्रेमजाल में फंसाकर भगा लाया। बताया जाता है कि युवक ने एक सप्ताह तक उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में उसने युवती को झिंझाना क्षेत्र के एक गांव में दूसरे युवक को बेच दिया।
मामले का पता उसके समाज के लोगों को चला तो पंचायत बैठ गई। उन्होंने युवती को उसके पास से बंधन मुक्त कराकर युवती के पिता से संपर्क किया। आरोप है कि पिता ने मामले से पल्ला झाड़ लिया। बाद में पंचायत ने उसकी शादी गांव हसनपुर में समाज के युवक के साथ कर दी।
इस बात की जानकारी युवती के पिता को हुई तो उसने कोतवाली देवबंद में तहरीर देकर अपनी पुत्री को वापस दिलाने की मांग की है। मामला थाना झिंझाना में पहुंचा तो पुलिस ने जांच शुरू कर दी। उधर, थाना प्रभारी बीपी सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। आपस में निस्तारण नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।