'शार्प शूटरों ने तंजील पर खाली कर दीं तीन मैगजीन'
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
एनआईए अफसर तंजील अहमद की हत्या करने वाले शार्प शूटरों के पास मल्टीपल मैगजीन थी। जांच अधिकारियों की मानें तो तंजील के शरीर पर तीन मैगजीन खालीं की गईं। इस घटना के पीछे बड़े शातिर अपराधियों का हाथ माना जा रहा है।
अभी तक की तफ्तीश में यह तय हो गया है कि इस वारदात को बड़े अपराधियों ने अंजाम दिया है क्योंकि मल्टीपल मैगजीन शार्प शूटर ही इस्तेमाल करते हैं। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने जो टेक्निकल रिपोर्ट दी है, उसके मुताबिक दो गोलियां कार के अंदर मिली हैं।
एक गोली सीट को चीरते हुए बाहर निकल गई थी। घटनास्थल से चार खोखे भी बरामद किए गए हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि अपराधी पूरी प्लानिंग के साथ आए थे।
पूर्व डीजीपी विक्रम सिंह के अनुसार वारदात के तरीके को देखकर लगता है कि यह किसी छोटे अपराधी का काम नहीं है। इसके पीछे कोई बड़ा प्लान जरूर है। पूरे घटनाक्रम में कोई बड़ा नेटवर्क निकलकर सामने आएगा और किसी स्थानीय व्यक्ति से भी घटना का लिंक हो सकता है।
अपराधियों के पास गांव से निकलने की पूरी जानकारी थी। उन्हें यह भी पता था कि कार में कितने लोग हैं। एनआईए अधिकारी पठानकोट हमले की जांच से संबंधित टीम का भी हिस्सा थे, लिहाजा किसी बड़ी साजिश से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
वेस्ट यूपी में ट्रेस किया था आतंकी नेटवर्क
तंजील अहमद ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आतंकी नेटवर्क को भी ट्रेस किया था। दहशतगर्द किस तरह से नकली नोट और ड्रग्स के कारोबार में हाथ आजमा रहे हैं, इसकी भी सूचनाएं मुख्यालय को दी गईं थीं।