अंडमान-निकोबार घूमने आए एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की खबर सामने आई है। भारत में एडवेंचर ट्रिप अंडमान-निकोबार द्वीप समूह घूमने आए अमेरिकी नागरिक जॉन एलन चाऊ की स्थानीय जनजातीय समुदाय के लोगों ने हत्या कर दी। मामले में तेजी दिखाते हुए पुलिस ने चाऊ की हत्या के आरोप में सात लागों को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चाऊ सेंटिनेलिस समुदाय के लोगों से मिलने उत्तरी सेंटीनल द्वीप पर गया था।
जानकारी के अनुसार अमेरिकी नागरिक चाऊ स्थानीय मछुआरों की मदद से पांच दिन पहले सेंटीनेलिस समुदाय के लोगों से मिलने पहुंचा था पर वापस नहीं लौटा। कुछ मछुआरों को चाऊ का शव मिला तो उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। बता दें कि सेंटिनेलिस एक जनजातीय समुदाय है जो दक्षिण अंडमान के उत्तरी सेंटिनल द्वीप में रहता है।
अंडमान-निकोबार में हुई इस सनसनीखेज वारदात को लेकर मंगलवार देर रात तक पुलिस विभाग की बैठक होती रही। बाद में स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि सेंटिनेलिस समुदाय के अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जानकारी ये भी मिल रही है कि चाऊ इससे पहले भी पांच बार यहां आ चुका है और वो सेंटिनेलिस समदुाय के लोगों से भी मिला था।
मछुआरों के मुताबिक चाऊ ने जैसे ही द्वीप में कदम रखा उस पर धनुष वाण से हमला कर दिया। हत्या के बाद आदिवासी उनके शव को रस्सी से घसीते हुए तट तक ले गए और वहां रेत में दबा दिया। यह सब देख मछुआरे डर कर भाग गए। इसके बाद मछुआरों ने पोर्ट ब्लेयर पहुंचकर चाऊ के दोस्त और स्थानीय उपदेशक एलेक्स को यह जानकारी दी।
एलेक्स ने अमेरिका में चाऊ के घरवालों को घटना की सारी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास से संपर्क किया। अमेरिकी अधिकारियों की शिकायत के बाद पुलिस ने सातों मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है। अंडमान निकोबार समूह के अधिकारियों ने चाऊ का शव खोजने के लिए हेलिकॉप्टर भेजे हैं। हालांकि वह सेंटीनलीज के हमले की वजह से द्वीप पर उतर नहीं सके।