दिल्ली में कैब ड्राइवर द्वारा एक महिला के साथ
यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक
उबर ड्राइवर ने 24 साल की एक महिला का यौन उत्पीड़न करने के बाद उसे धमकाया और जब महिला ने भागने की कोशिश की तो उसे कार के अंदर बंद कर दिया।
डिप्टी कमिश्नर असलम खान ने बताया कि आरोपी ड्राइवर को नशे की हालत में हरियाणा के एक गांव से गिरफ्तार किया है। ड्राइवर की पहचान संजीव उर्फ संजू के रूप में हुई। खान के मुताबिक वह उबर के साथ रजिस्टर्ड न होने के बावजूद कैब चला रहा था।
जिस सफेज स्विफ्ट कार को वह चला रहा था उस पर पीले रंग का कामर्शियल नंबर भी नहीं था, ड्राइवर के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं मिला। उबर के प्रवक्ता ने बताया कि वह कैब के असली ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
प्रवक्ता ने बताया कि कैब के नंबर को उबर एप से हटा दिया गया है। गौरतलब है कि पीड़ित महिला अपने पति के साथ रोहिणी में रहती है और सोनीपत में नौकरी करती है। उसने शुक्रवार को शाम 7 बजे कैब पकड़ी थी, जिसमें उसके साथ यह घटना घटी।