आगरा में चल रही पुलिस और पीएसी में सिपाही भर्ती के लिए पुलिस लाइन में चल रही शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) में शुक्रवार को दो और मुन्ना भाइयों को गिरफ्तार किया गया। दोनों ही अपने दोस्तों की जगह दौड़ लगाने के लिए आए थे, उन्हें दौड़ में भाग लेने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के खिलाफ थाना नाई की मंडी में मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले दो युवक गिरफ्तार किए गए थे। वे अपने भाइयों की जगह दौड़ लगाने आए थे। शुक्रवार को पकड़े गए आरोपियों में एक पुष्पेंद्र सिंह निवासी टप्पल, अलीगढ़ और दूसरा योगेश कुमार निवासी गांव बसोली, गोंडा, अलीगढ़ है।
पुष्पेंद्र सिंह बसेरा जट्टारी, थाना पिसाबा, अलीगढ़ के हरवेंद्र सिंह की जगह तो योगेश कुमार गोंडा, अलीगढ़ के पवन कुमार की जगह पर दौड़ लगाने आया था। इन्होंने दौड़ लगाने से पहले अपने प्रवेश पत्र और पहचान पत्र दिया। टेक्निकल टीम ने प्रमाण पत्रों की जांच कंप्यूटर में फीड डाटा से की तो भिन्नता पाई गई। इस पर दोनों को पकड़ लिया गया। उनके खिलाफ थाना नाई की मंडी में मुकदमा दर्ज कराया गया है।