मामले की छानबीन करते एसपी एके त्रिपाठी
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, उरई (जालौन)
उत्तर प्रदेश में उरई (जालौन) के एक गांव में कक्षा दस की छात्रा की गला घोंटकर हत्या करने के बाद शव को उपलों में रखकर जला दिया गया। बुधवार को किशोरी का अधजला शव जानवरों के बाड़े में मिला।
छात्रा मंगलवार दोपहर से लापता थी इसके बाद भी घरवालों ने पुलिस को घटना की सूचना नहीं दी। पुलिस ने आनर किलिंग के शक में पिता और बाबा को हिरासत में लिया और पूछताछ की।
घटना डकोर थाना क्षेत्र के गांव मुहम्मदाबाद की है। यहां के ओमनारायण राजपूत की 16 वर्षीय बेटी निशा उरई के मैमोरी अकेडमी में 10वी में पढ़ती थी। परिजनों के मुताबिक वह मंगलवार दोपहर करीब एक बजे लापता हो गई। बुधवार को घर की महिलाएं खाना बनाने की खातिर उपले लेने के लिए जानवरों के बाड़े में गईं तो वहां उपलों के बीच निशा का अधजला शव मिला जिसे देखकर वह दंग रह गईं।
अधजली रस्सी और शराब की बोतल भी मिली
मामले की जानकारी होते ही एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी, एएसपी शकील अहमद, सीओ जंगबहादुर, थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन मौके पर पहुंचे व साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मौके से अधजली रस्सी व केरोसिन की पांच लीटर की केन और शराब की खाली बोतल बरामद की। इस बीच घरवालों ने संदिग्ध हालात में मौत की तहरीर दे दी। पुलिस को देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई। इसमें गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने पिता और बाबा को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक घरवालों ने यह स्वीकार किया है कि मौके पर मिली केरोसिन की केन उनकी है। इससे पुलिस को इस मामले में किसी करीबी का ही हाथ लग रहा है। पुलिस को अंदेशा है कि मौके पर मिली अधजली रस्सी से ही छात्रा का गला घोंटा गया है। हत्यारों ने वारदात के पहले वहीं शराब भी पी।
सूत्रों के मुताबिक जिस वक्त एसपी मौका मुआयना कर रहे थे, उस समय घर की महिलाएं रोजमर्रा के काम निपटा रही थीं। किसी के चेहरे पर गम नजर नहीं आया। इससे भी पुलिस के शक की सुई घरवालों के ही इर्द गिर्द घूम रही थी।
पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों के मुताबिक निशा की हत्या करीब 14 घंटे पहले हुई है। इस बाबत एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि छात्रा हत्याकांड की कई बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। कई सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं। इससे जल्द ही हत्याकांड का खुलासा हो जाएगा।