आंध्रा बैंक की सुरक्षा में लगे होमगार्ड ने मामूली विवाद पर पैसा जमा करने आए संविदा डिग्री शिक्षक की सरकारी रायफल से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रायफल जब्त करके होमगार्ड के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। होमगार्ड और शिक्षक एक ही गांव के रहने वाले थे।
चांदपार गांव निवासी नित्यानंद शुक्ल (25) लाखीदेवी रामचंद्र शुक्ल डिग्री कॉलेज बुदहट में संविदा शिक्षक थे। वह शनिवार को दोपहर 2:30 बजे कॉलेज का 1300 रुपये जमा करने आंध्रा बैंक गए थे। नित्यानंद की बैंक की सुरक्षा में लगे हरपुरबुदहट थाने के होमगार्ड रामसुरेश पाल से किसी बात पर कहासुनी हो गई। विवाद के बाद नित्यानंद होमगार्ड की शिकायत करने बैंक मैनेजर के कमरे में पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शिकायत सुनकर आगबबूला होमगार्ड भी बैंक मैनेजर के कमरे में पहुंचा और सरकारी रायफल नित्यानंद के सिर पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही नित्यानंद कुर्सी से फर्श पर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने नित्यानंद को निजी वाहन से सहजनवां सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोली कांड के बाद बैंक कर्मी और वहां मौजूद उपभोक्ताओं ने होमगार्ड को पकड़कर एक केबिन में बंद कर दिया। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया।