शिवकुटी के शिलखाना मोहल्ले में सोमवार को पड़ोसी से जमीन विवाद में रिटायर्ड दरोगा को दिनदहाड़े सरेआम पीट-पीटकर मार डाला गया। बदमाशों ने लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। एसआरएन अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मामले में हिस्ट्रीशीटर समेत 10 लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आरोपी युसुफ को गिरफ्तार किया है।
अब्दुल समद खां (70) मूल रूप से प्रतापगढ़ के रहने वाले थे। 2006 में वह पुलिस विभाग से सब इंस्पेक्टर पद से रिटायर हुए। मौजूदा समय में वह शिवकुटी के शिलखाना में परिवार समेत रहते थे। सोमवार सुबह 9.45 बजे के करीब वह घर का कुछ सामान लेने के लिए साइकिल से बाजार जाने के लिए निकले। अभी वह घर से निकलकर गली में ही पहुंचे थे कि अचानक उन पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। लोहे की रॉड व लाठी-डंडों से किए गए हमले में अब्दुल संभल नहीं सके और जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद उन पर तब तक वार किए गए जब तक कि वह अचेत नहीं हो गए।
इसके बाद हमलावर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद मोहल्ले वालों ने सूचना दी तो घरवाले भागकर मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और गंभीर हालत में रिटायर्ड दरोगा को बेली अस्पताल ले जाया गया। वहां हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया। एसआरएन में करीब शाम 4.30 बजे उनकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि हमलावरों ने जमीन के विवाद में वारदात को अंजाम दिया। रिटायर्ड दरोगा का मुख्य आरोपी जुनैद से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में न्यायालय में मुकदमा भी चल रहा है।
महिलाएं हिरासत में, पुरुष आरोपी फरार
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पड़ोस में रहने वाले हिस्ट्रीशीटर जुनैद कमाल और उसके तीन बेटों व भाई समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें जुनैद की पत्नी सना व बेटियां हिना व मेहंदी भी शामिल हैं। पुलिस ने घर पर दबिश दी तो महिलाओं को छोड़कर सभी आरोपी नदारद मिले। तीनों आरोपी महिलाओं को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ में जुटी है।