पुणे के भक्ति शक्ति चौक स्थित एक बंगले में वहीं के सुरक्षा गार्ड ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। उसने घर से गहने, कैश और इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी की है। जिनकी कुल कीमत एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि गार्ड और उसके साथी उस वक्त घर में घुसे जब घर में कोई भी मौजूद नहीं था।
पुलिस के मुताबिक मामले की एफआईआर दर्ज हो चुकी है। पीड़ित का नाम विनोद राजकुमार अग्रवाल (48) है। वह पेशे से उद्योगपति हैं और बंगले की दूसरी मंजिल पर परिवार के साथ रहते हैं। जबकि उनके भाई बंगले की तीसरी मंजिल पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि पूरा परिवार शनिवार सुबह किसी समाहोर में जाने के लिए निकला था, इसके बाद जब वह रविवार रात करीब 2 बजे घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और घर के लॉकर से कीमती सामान गायब है।
मामले पर निगडी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर शंकर वाटाडे ने बताया कि जब पीड़ित परिवार को इस वारदात का पता चला तो उस वक्त घर से सुरक्षा गार्ड गायब था। बंगले की सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर इस बात की पुष्टि हो चुकी है कि ये काम घर के गार्ड ने ही किया है। उन्होंने कहा कि उनके पास ऐसी कई वजह भी हैं जिनसे साबित होता है कि गार्ड के अलावा कुछ अन्य लोग भी इस काम में शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक रविवार को निगडी पुलिस स्टेशन में सुरक्षा गार्ड गोविंग कोलु परिहार (35) और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ अपराध के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ताओं के बयान के मुताबिक दोनों घरों से हीरे के गहने, नकदी, लैपटॉप और मोबाईल फोन जैसे कीमती सामान की चोरी हुई है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब एक करोड़ है। वाटाडे ने आगे बताया की आरोपी पारिहार और उसके साथियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।