उत्तरप्रदेश के आगरा में ऑनलाइन लॉटरी रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। इस रैकेट से जुड़े 15 लोगों को उत्तर प्रदेश के आगरा, इलाहाबाद, सुल्तानपुर और नोएडा से गिरफ्तार किया गया है।
रैकेट का खुलासा होने पर उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स ने आगरा, इलाहाबाद, सुल्तानपुर और नोएडा में रेड की। इस दौरान 15 लोगों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया। पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि, कुछ दिन पहले आगरा में ऑनलाइन क्विज गेम के नाम पर चल रहे सट्टे का गोरखधंधा बंद करा दिया गया था। पुलिस की रिपोर्ट पर यह कार्रवाई मनोरंजन कर विभाग ने की थी। हरीपर्वत में ऑनलाइन सट्टा पकड़ा गया था, इसमें 19 लोग गिरफ्तार किए गए थे। यह सभी ऑनलाइन क्विज गेम के नाम पर सट्टा लगा रहे थे। इससे पहले न्यू आगरा और एत्माद्दौला में भी इसी तरह के सट्टे का खेल पकड़ा गया था।
इस बार एसएसपी अमित पाठक ने इसे गंभीरता से लिया था, उनके निर्देश पर हरीपर्वत थाना पुलिस ने जिला मनोरंजन कर विभाग को रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि गेम के नाम पर सट्टा चल रहा है। जिला मनोरंजन कर अधिकारी ने बताया कि पुलिस रिपोर्ट मिलने पर सभी लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।
उधर, पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गोरखधंधे का मास्टर माइंड इलाहाबाद का संजय जायसवाल है। पिछले दिनों एक भाजपा नेता के साथ उसकी बातचीत का ऑडियो भी वायरल हुआ था।