उत्तर प्रदेश में बरेली में शिक्षिका से गैंगरेप की कहानी फर्जी सामने आने के बाद अब रामपुर जिले के मिलकखानम थाना क्षेत्र में किशोरी गैंगरेप की कहानी भी बदल गई है।
पीड़िता बृहस्पतिवार को कोर्ट में अपने बयान से पलट गई। पुलिस का कहना है कि उसने इस मामले में बयान दिया कि वह अपनी मर्जी के साथ प्रेमी शकील के साथ घर से आई और रामपुर के होटल में ठहरी थी। उसके साथ रेप नहीं हुआ था।
मिलकखानम थाना क्षेत्र की एक किशोरी ने सोमवार को आरोप लगाया था कि चार लोगों ने उसका अपहरण कर लिया और उसे कार से एक होटल में ले गए, जहां उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद आरोपियों ने किशोरी को गांव के पास ही सड़क किनारे फेंक दिया।
इस घटना की जानकारी के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में पुलिस ने किशोरी के बयान के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद किशोरी का मेडिकल भी कराया था।